रायपुर, 16 जून 2026/ Cooperative Bank: Narayanpur gets a new branch of the District Cooperative Central Bank! Kedar Kashyap inaugurated it; KCCs were also distributed.
Cooperative Bank : जिले में बैंकिंग सुविधाओं को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए जिला सहकारी केंद्रीय बैंक की नवीन शाखा भवन का लोकार्पण सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने किया। लगभग 36 लाख रुपये की लागत से निर्मित इस आधुनिक शाखा भवन के शुरू होने से किसानों, ग्रामीणों, महिला स्व-सहायता समूहों और छोटे व्यापारियों को बेहतर बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि सहकारी बैंक ग्रामीण अर्थव्यवस्था की मजबूत आधारशिला हैं। नई शाखा शुरू होने से लोगों को बैंकिंग सेवाओं के लिए दूर-दराज क्षेत्रों में नहीं जाना पड़ेगा, जिससे समय और संसाधनों की बचत होगी तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी।
किसानों और महिला समूहों को मिलेगा बड़ा लाभ
उन्होंने कहा कि सहकारी बैंक किसानों को कम ब्याज दर पर ऋण उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। नई शाखा के माध्यम से किसानों को कृषि ऋण, किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी), पशुपालन ऋण, स्वरोजगार योजनाओं के तहत ऋण और महिला स्व-सहायता समूहों को वित्तीय सहायता आसानी से उपलब्ध कराई जा सकेगी। खाद, बीज और कृषि उपकरणों की खरीद के लिए भी आवश्यक वित्तीय सहयोग स्थानीय स्तर पर मिल सकेगा।
इस अवसर पर मंत्री कश्यप ने बैंक परिसर में नोडल कार्यालय भवन, बैठक हॉल में शेड और शौचालय निर्माण की घोषणा भी की। उन्होंने बैंक अधिकारियों और कर्मचारियों से पारदर्शिता एवं सेवा भाव के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
बैंक अधिकारियों के अनुसार नई शाखा में सुव्यवस्थित काउंटर, डिजिटल बैंकिंग सुविधाएं और पारदर्शी लेन-देन की व्यवस्था की गई है, जिससे ग्राहकों को तेज, सुरक्षित और बेहतर सेवाएं मिलेंगी।
कार्यक्रम के दौरान 15 किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड वितरित किए गए। साथ ही किसानों को बीज वितरण कर कृषि उत्पादन बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया गया। स्थानीय किसानों और नागरिकों ने नई शाखा के शुभारंभ का स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र के विकास और वित्तीय समावेशन की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
इस अवसर पर पूर्व सांसद एवं जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के अध्यक्ष दिनेश कश्यप, उपाध्यक्ष श्रीनिवास मिश्रा, छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज सहकारी संघ के अध्यक्ष रूपसाय सलाम, जिला पंचायत अध्यक्ष नारायण मरकाम, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष इंद्र प्रसाद बघेल सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
