Crop Loss SurveyCrop Loss Survey
Share This Article

रायपुर, 21 नवंबर 2026/ Crop Loss Survey : अकवान चक्रवात के कारण बेमेतरा जिले में हुई फसल क्षति से प्रभावित किसानों को राहत पहुंचाने के लिए जिला प्रशासन ने तत्परता के साथ कार्रवाई शुरू कर दी है।

कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं के निर्देशन में राजस्व एवं कृषि विभाग की संयुक्त टीमें गांव-गांव पहुंचकर फसलों को हुए नुकसान का विस्तृत सर्वे कर रही हैं।

कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सर्वे कार्य पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और संवेदनशीलता के साथ किया जाए, ताकि कोई भी पात्र किसान राहत एवं मुआवजे से वंचित न रहे।

अकवान चक्रवात के प्रभाव से जिले के विभिन्न क्षेत्रों में धान की फसलों को नुकसान पहुंचा है। कई स्थानों पर तेज हवाओं के कारण कटाई के लिए तैयार धान की फसल खेतों में गिर गई, वहीं बारिश के चलते खेतों में जलभराव की स्थिति निर्मित हो गई।

इससे किसानों के सामने फसल की गुणवत्ता प्रभावित होने और उत्पादन में कमी आने की आशंका उत्पन्न हो गई है।

फसल क्षति का आकलन

कलेक्टर के निर्देशों के परिपालन में शनिवार को राजस्व एवं कृषि विभाग की संयुक्त टीम ने तहसील दाढ़ी के ग्राम मजगांव तथा थानखमरिया क्षेत्र के ग्राम ठेलका एवं बनोरा का दौरा किया।

अधिकारियों ने किसानों से सीधे संवाद कर चक्रवात के कारण हुए नुकसान, फसल की वर्तमान स्थिति तथा खेती से जुड़ी समस्याओं की जानकारी प्राप्त की ।

संयुक्त सर्वे दल द्वारा खेतों में गिरी धान की फसल, जलभराव से प्रभावित रकबे तथा अन्य प्रकार की क्षति का आकलन किया गया।

प्रभावित रकबे का किया जा रहा विस्तृत सत्यापन

फसल क्षति सर्वे के दौरान राजस्व एवं कृषि विभाग की टीमों द्वारा प्रभावित किसानों की भूमि, फसल के प्रकार, क्षतिग्रस्त रकबे तथा नुकसान के प्रतिशत का विस्तृत विवरण तैयार किया जा रहा है।

सर्वे को प्रमाणिक एवं पारदर्शी बनाने के लिए मौके पर फसलों के छायाचित्र और वीडियो भी लिए जा रहे हैं।

प्रशासन की पहल से मिली राहत

प्रभावित गांवों में सर्वे दल के पहुंचने से किसानों में राहत और उम्मीद का वातावरण दिखाई दिया।

ग्राम मजगांव के किसानों ने अधिकारियों को बताया कि धान की फसल कटाई के करीब थी, लेकिन अचानक हुई बारिश और तेज हवाओं के कारण फसल को नुकसान पहुंचा है।

इसी प्रकार ग्राम ठेलका और बनोरा में भी किसानों ने संयुक्त सर्वे दल के समक्ष फसल क्षति की जानकारी रखी।

कलेक्टर के सख्त निर्देश, सर्वे में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त

कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं ने राजस्व एवं कृषि विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया है कि फसल क्षति सर्वे में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाए।

जिन गांवों में सर्वे नहीं हुआ है, वहां भी चरणबद्ध तरीके से पहुंचेगी टीम

जिला प्रशासन द्वारा चक्रवात से प्रभावित क्षेत्रों में चरणबद्ध तरीके से सर्वे कराया जा रहा है। जिन किसानों के खेतों का अभी तक निरीक्षण नहीं हो पाया है, उन्हें चिंतित होने की आवश्यकता नहीं है। राजस्व एवं कृषि विभाग की टीमें निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार अन्य प्रभावित गांवों में भी पहुंचकर फसल क्षति का आकलन करेंगी।

प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे सर्वे दल को आवश्यक सहयोग प्रदान करें तथा अपनी भूमि से संबंधित दस्तावेज, बैंक खाता विवरण और फसल की जानकारी उपलब्ध रखें, जिससे सर्वे एवं राहत संबंधी प्रक्रिया में अनावश्यक विलंब न हो।


Share This Article
Advertisement Carousel