The growing threat of dengue
The growing threat of dengue
Share This Article

रायपुर 21 दिसंबर 2025/ ETrendingIndia / The growing threat of dengue: Cases are increasing rapidly across the country, including the capital Delhi. / डेंगू का बढ़ता खतरा , देश में डेंगू का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। राजधानी दिल्ली में इस साल अब तक डेंगू के 3,746 मामले सामने आ चुके हैं, जबकि 2 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। स्वास्थ्य मंत्रालय और एनसीवीडीसी (NCVBDC) के आंकड़ों के अनुसार, पिछले पांच वर्षों में देशभर में डेंगू के मामलों में लगभग पांच गुना वृद्धि दर्ज की गई है।

अन्य राज्यों की बात करें तो तमिलनाडु में सबसे अधिक 20,866 मामले और 12 मौतें दर्ज की गई हैं। महाराष्ट्र में 13,333 मामले और 13 मौतें, केरल में 10,239 मामले और 49 मौतें रिपोर्ट की गई हैं। बिहार (3,774) और गुजरात (3,947) में भी डेंगू के मामलों में लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है।

दिल्ली का आंकड़ा भले ही कुछ बड़े राज्यों से कम हो, लेकिन सीमित भौगोलिक क्षेत्र के बावजूद यहां स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।

डेंगू बढ़ने के मुख्य कारण

स्वास्थ्य विभाग और विशेषज्ञों के अनुसार, अधिक जनसंख्या घनत्व, घरों और छतों पर पानी का जमा होना, निर्माण कार्यों की भरमार, साफ-सफाई में कमी और सालभर मच्छरों के पनपने की स्थिति डेंगू के प्रसार के प्रमुख कारण हैं।

अस्पतालों पर बढ़ा दबाव

डॉक्टरों का कहना है कि डेंगू अब केवल मौसमी बीमारी नहीं रह गई है। बच्चों, बुजुर्गों और पहले से बीमार लोगों के लिए यह अधिक खतरनाक साबित हो रहा है। समय पर जांच और इलाज में देरी से स्थिति गंभीर हो सकती है, जिससे अस्पतालों पर लगातार दबाव बढ़ रहा है।

बचाव के लिए जरूरी कदम

स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे हर सप्ताह घर और आसपास जमा पानी को साफ करें, मच्छरदानी और रिपेलेंट का उपयोग करें तथा बुखार आने पर तुरंत जांच कराएं। साथ ही नगर निगम और स्वास्थ्य विभाग द्वारा चलाए जा रहे सोर्स रिडक्शन अभियानों में सहयोग करने को कहा गया है।

विशेषज्ञों का मानना है कि समय पर रोकथाम, जागरूकता और सामूहिक प्रयासों से डेंगू पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है।