Share This Article अंबिकापुर, 08 अक्टूबर 2026। Deputy CM Arun Sao : उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने सरगुजा संभागीय मुख्यालय अंबिकापुर में सरगुजा और सूरजपुर जिले के अधिकारियों की संयुक्त बैठक लेकर विकास कार्यों और विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की। बैठक में लोक निर्माण, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, नगरीय प्रशासन एवं विकास तथा खेल एवं युवा कल्याण विभाग के कार्यों की प्रगति की जानकारी ली गई। उन्होंने अधिकारियों को जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देते हुए योजनाओं का प्रभावी और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। समय-सीमा में पूरे हों विकास कार्य उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से स्वीकृत विकास कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने को कहा। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से समझौता नहीं करने और नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर विकास कार्यों में तेजी लाने पर भी जोर दिया गया। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का वास्तविक उद्देश्य आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है, इसलिए पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्धता को प्राथमिकता दी जाए। अक्टूबर तक पूरे करने होंगे प्रगतिरत पीएम आवास नगरीय क्षेत्रों की योजनाओं की समीक्षा के दौरान अरुण साव ने सभी सीएमओ को प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत प्रगतिरत निर्माण कार्यों को अक्टूबर माह तक पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने नगरीय निकायों की योजनाओं की प्रभावी मॉनिटरिंग, स्वच्छता और जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देने को कहा। बैठक में मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना, अधोसंरचना मद, स्वच्छ भारत मिशन (शहरी), 15वें वित्त आयोग और रेन वॉटर हार्वेस्टिंग सहित विभिन्न कार्यों की भी समीक्षा की गई। त्योहारों से पहले सड़कों की मरम्मत पर जोर लोक निर्माण विभाग की समीक्षा करते हुए उप मुख्यमंत्री ने बरसात के बाद सड़कों की मरम्मत में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आने वाला समय त्योहारों का है, इसलिए सड़कों और अधोसंरचना से जुड़े कार्य समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे किए जाएं, ताकि आम लोगों को आवागमन में परेशानी न हो। भवनों, सड़कों और पुल-पुलियों सहित अन्य निर्माण कार्यों की स्थिति की भी जानकारी ली गई। पेयजल व्यवस्था की नियमित निगरानी के निर्देश लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की समीक्षा के दौरान जल जीवन मिशन सहित पेयजल योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली गई। उप मुख्यमंत्री ने पेयजल व्यवस्था सुचारू बनाए रखने, जल स्रोतों की उपलब्धता सुनिश्चित करने और पेयजल से जुड़ी समस्याओं का त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए। लंबित कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने और पेयजल अधोसंरचना के नियमित रखरखाव पर भी जोर दिया गया। प्राथमिक शालाओं में बढ़ें खेल गतिविधियां खेल एवं युवा कल्याण विभाग की समीक्षा में उप मुख्यमंत्री ने ग्रामीण क्षेत्रों में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के निर्देश दिए। उन्होंने प्राथमिक शालाओं में खेल गतिविधियां बढ़ाने और खेल अधिकारियों को जिला पंचायत सीईओ तथा शिक्षा विभाग के साथ मिलकर कार्ययोजना बनाने को कहा। स्कूलों के संकुलवार एक-एक पीटीआई को खेल गतिविधियों के लिए चिन्हित करने के निर्देश भी दिए गए। इसके अलावा सरगुजा ओलंपिक के पंजीयन और प्रचार-प्रसार की समीक्षा करते हुए अधिक से अधिक युवाओं और खेल प्रतिभाओं को जोड़ने पर जोर दिया गया। Share This Article Post navigation ग्राम पंचायतों में QR कोड …! बना पारदर्शिता की मिसाल…, 375 कार्यों की जानकारी एक स्कैन में Administrative Reshuffle News : वाणिज्यिक कर विभाग में बड़ा बदलाव, कर्मचारियों की नई पदस्थापना का आदेश जारी