मुंबई, 28 जुलाई। Dev Anand : हिंदी सिनेमा के एवरग्रीन सुपरस्टार दिवंगत देव आनंद के परिवार से बेहद दुखद खबर सामने आई है। उनके बेटे सुनील आनंद का 70 वर्ष की उम्र में लंदन में हार्ट अटैक से निधन हो गया। परिवार ने आधिकारिक बयान जारी कर इस खबर की पुष्टि की है। उनके निधन से बॉलीवुड और देव आनंद के प्रशंसकों में शोक की लहर दौड़ गई है।
देव आनंद की पोती जीना नारंग ने एक बयान जारी कर कहा कि भारी मन से परिवार सुनील आनंद के निधन पर शोक व्यक्त करता है। उन्होंने लोगों से इस कठिन समय में परिवार की निजता का सम्मान करने की अपील की और संवेदनाओं के लिए सभी का आभार व्यक्त किया।
पिता ने खुद किया था बॉलीवुड में लॉन्च
सुनील आनंद ने अपने पिता देव आनंद के नक्शेकदम पर चलते हुए फिल्मी दुनिया में कदम रखा था। वर्ष 1984 में फिल्म ‘आनंद और आनंद’ से उनका डेब्यू हुआ, जिसे खुद देव आनंद ने लॉन्च किया था। हालांकि फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सफल नहीं रही।
इसके बाद उन्होंने ‘कार थीफ’ और ‘मैं तेरे लिए’ जैसी फिल्मों में भी काम किया, लेकिन उन्हें अपने पिता जैसी लोकप्रियता और सफलता नहीं मिल सकी।
फिल्मों के बाद संभाली नवकेतन फिल्म्स की जिम्मेदारी
अभिनय में अपेक्षित सफलता न मिलने के बाद सुनील आनंद ने अपने पिता की मशहूर प्रोडक्शन कंपनी नवकेतन फिल्म्स का काम संभाला। वर्ष 2001 में उन्होंने ‘मास्टर’ फिल्म से निर्देशन की शुरुआत भी की, लेकिन यह फिल्म भी बॉक्स ऑफिस पर खास कमाल नहीं दिखा सकी।
स्विट्जरलैंड में हुआ था जन्म
सुनील आनंद का जन्म स्विट्जरलैंड के ज्यूरिख में हुआ था। उन्होंने अपनी शिक्षा अमेरिका से पूरी की थी। उन्होंने कभी शादी नहीं की। उनके परिवार में उनकी मां कल्पना कार्तिक, बहन देविना आनंद और अन्य परिजन हैं। सुनील आनंद के निधन के साथ हिंदी सिनेमा के स्वर्णिम दौर से जुड़ी एक और अहम कड़ी हमेशा के लिए टूट गई।
