Share This Article

रायपुर -23 नवम्बर 2026 / ETrendingIndia / अपर मुख्य सचिव एवं बिलासपुर जिले के प्रभारी सचिव श्री मनोज कुमार पिंगुआ ने आज बिरकोना, सेंदरी, सेमरताल, रानीगांव और सैदा धान खरीदी केन्द्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

उन्होंने कहा कि किसानों से धान खरीदी पूरी पारदर्शिता के साथ की जाए। किसी भी स्तर पर गड़बड़ी पाए जाने पर संबंधितों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री संदीप अग्रवाल भी साथ थे।

श्री पिंगुआ ने चेकलिस्ट के अनुरूप केन्द्रों में उपलब्ध सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं की जांच की।

उन्होंने निगरानी समिति के सदस्यों के नाम और मोबाइल नंबर केन्द्रों में प्रमुखता से प्रदर्शित करने तथा नोडल अधिकारियों को प्रतिदिन खरीदी केन्द्रों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए।

उन्होंने अपने समक्ष इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन की जांच भी कराई। पिछले दो-तीन दिनों में हुई बारिश के कारण केन्द्रों में किसानों की आवक कम रही। खरीदी परिसर के फड़ गीले होने के कारण अभी धान बेचने इक्के-दुक्के किसान ही पहुंच रहे हैं।

प्रभारी सचिव ने निर्देश दिए कि बारिश के दिनों में टोकन लेने के बावजूद धान नहीं बेच पाए किसानों को उनकी सुविधा के अनुसार आगामी तिथि का टोकन जारी किया जाए।

उन्होंने केन्द्रों में मौजूद किसानों से चर्चा कर आकस्मिक बारिश से फसलों पर पड़े असर की जानकारी ली। किसानों ने बताया कि तैयार फसल वाले खेतों में पानी भरने से हार्वेस्टर के जरिए कटाई में कठिनाई होगी।

प्रभारी सचिव ने खरीदी के बाद केन्द्रों में सुरक्षित रखे धान का भी निरीक्षण किया। तिरपाल से ढके होने के कारण धान को बारिश से कोई नुकसान नहीं पहुंचा है। उन्होंने धान की सुरक्षा के लिए समुचित व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।


Share This Article
Advertisement Carousel