Ropeway project
Ropeway project
Share This Article

रायपुर 25 अक्टूबर 2025 / ETrendingIndia / Haryana: Ropeway project to begin soon on Dhosi hill, Mahendragarh to become a global tourism hub / ढोसी पहाड़ी रोपवे परियोजना , हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने महेन्द्रगढ़ जिले की प्रसिद्ध ढोसी पहाड़ी पर प्रस्तावित रोपवे परियोजना सहित प्रदेश में पर्यटन को बढ़ावा देने से संबंधित विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की।

उन्होंने कहा कि सभी लंबित परियोजनाओं को तेज गति से आगे बढ़ाते हुए निर्धारित समयावधि में पूर्ण किया जाए।

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि पर्यटन केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि स्थानीय विकास, रोजगार सृजन और सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण का सशक्त माध्यम है।

अधिकारियों ने बताया कि ढोसी हिल रोपवे परियोजना लगभग 57 करोड़ रुपये की लागत से विकसित की जा रही है, जिसके तहत इस क्षेत्र को विश्वस्तरीय पर्यटन स्थल के रूप में तैयार किया जाएगा। प्रस्तावित रोपवे की लंबाई लगभग 870 मीटर होगी।

रोपवे के निर्माण से ढोसी पहाड़ी तक पहुंचना आसान होगा, जिससे देशी-विदेशी पर्यटकों की संख्या में वृद्धि होगी। यह परियोजना न केवल ढोसी क्षेत्र बल्कि महेंद्रगढ़ के ऐतिहासिक स्मारकों के प्रति भी पर्यटकों की रुचि को बढ़ाएगी।

बैठक में महेंद्रगढ़ किला, माधोगढ़ किला तथा बावली के पुनर्विकास पर भी चर्चा की गई। सुझाव दिया गया कि बावली को “रानी महल” के रूप में विकसित किया जाए ताकि वहाँ मेहंदी और सांस्कृतिक आयोजनों का आयोजन हो सके। मुख्यमंत्री ने इस प्रस्ताव का समर्थन करते हुए कहा कि यह पहल स्थानीय रोजगार और पर्यटन विकास को नई दिशा देगी।

उन्होंने इस परियोजना को पीपीपी मॉडल (पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप) के तहत विकसित करने का सुझाव दिया ।

इसके अलावा, मुख्यमंत्री ने पिंजौर और मोरनी के टिक्करताल में चल रहे पर्यटन परियोजनाओं की भी समीक्षा की और इन क्षेत्रों को और अधिक आकर्षक एवं सुन्दर बनाने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि पिंजौर गार्डन की सुंदरता के साथ-साथ वहाँ ठहराव की व्यवस्था तथा मोरनी की पहाड़ियों में रोपवे जैसी नई परियोजनाओं की संभावनाओं का भी अध्ययन किया जाए।

मुख्यमंत्री ने कुरुक्षेत्र जिले में निर्माणाधीन ‘अनुभव केंद्र’ की प्रगति की भी समीक्षा की और अधिकारियों को परियोजना को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए।

बैठक में मुख्य सचिव श्री अनुराग रस्तोगी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव श्री अरुण कुमार गुप्ता, नगर एवं ग्राम आयोजना विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री ए. के. सिंह भी उपस्थित थे।