Diwali-Chhath 2026Diwali-Chhath 2026
Share This Article

नई दिल्ली, 22 सितंबर 2026। Diwali-Chhath 2026 : दिवाली और छठ पूजा के दौरान घर जाने वाले यात्रियों के लिए रेलवे ने अतिरिक्त ट्रेनों का इंतजाम किया है। नियमित ट्रेनों में टिकट तेजी से भरने और कई रूट पर लंबी वेटिंग के बीच रेलवे 43 जोड़ी फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनों की 1,053 ट्रिप्स संचालित करने की योजना बना रहा है। इन ट्रेनों का संचालन अलग-अलग रेलवे जोन द्वारा तय रूट और तारीखों के अनुसार किया जाएगा।

1 अक्टूबर से शुरू होगा स्पेशल ट्रेनों का संचालन

रेलवे की योजना के अनुसार अलग-अलग स्पेशल ट्रेनें 1 अक्टूबर से नवंबर के अंत तक चलेंगी। कुछ ट्रेनें रोजाना और कुछ सप्ताह में निर्धारित दिनों पर संचालित होंगी। प्रयागराज, कानपुर, दिल्ली, आगरा, कोलकाता और बिहार समेत कई प्रमुख रूट पर यात्रियों को अतिरिक्त ट्रेन विकल्प मिलेंगे।

प्रयागराज-कानपुर से दिल्ली तक कई ट्रेनें

नॉर्दर्न रेलवे की सूची में प्रयागराज जंक्शन-शकूरबस्ती, कानपुर सेंट्रल-नई दिल्ली, कानपुर सेंट्रल-आनंद विहार, प्रयागराज-हजरत निजामुद्दीन और आगरा कैंट-पलवल रूट शामिल हैं। इसके अलावा प्रयागराज और सूबेदारगंज से दादरी तथा अन्य दिल्ली क्षेत्र के स्टेशनों के लिए भी स्पेशल सेवाएं प्रस्तावित हैं।

UP से कोलकाता, मुंबई, गुजरात और दक्षिण भारत तक ट्रेनें

ईस्टर्न रेलवे में आगरा कैंट-कोलकाता, कानपुर-कोलकाता और वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी-आसनसोल के बीच स्पेशल ट्रेनें शामिल हैं। वेस्टर्न रेलवे प्रयागराज, सूबेदारगंज और आगरा से उधना, साबरमती, दादर, बांद्रा और इंदौर जैसे शहरों के लिए अतिरिक्त सेवाएं चलाएगा।

वहीं साउथ वेस्टर्न रेलवे के तहत प्रयागराज-हुबली, कानपुर-बेंगलुरु और सूबेदारगंज/प्रयागराज-यशवंतपुर रूट शामिल हैं। सदर्न रेलवे में कानपुर-मदुरै और प्रयागराज-कन्याकुमारी के बीच भी स्पेशल ट्रेनें दी गई हैं।

टिकट बुक करने से पहले शेड्यूल जरूर जांचें

स्पेशल ट्रेनों के संचालन की तारीख, सप्ताह के दिन और फेरे अलग-अलग निर्धारित हैं। इसलिए यात्रियों को टिकट बुक करने से पहले ट्रेन नंबर और अपने रूट का अपडेटेड रनिंग शेड्यूल जरूर जांचना चाहिए। मांग बढ़ने पर रेलवे की ओर से अतिरिक्त सेवाएं जोड़े जाने की संभावना भी रखी गई है।


Share This Article