Share This Article भोपाल, 4 नवंबर 2026। Diwali Security 2026 : मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दिवाली और आगामी खेती-किसानी के सीजन को देखते हुए प्रदेश के सभी कलेक्टरों और पुलिस अधीक्षकों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि त्योहार के दौरान कानून व्यवस्था बिगड़ने नहीं दी जाए और किसानों को खाद-उर्वरक की उपलब्धता में किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। यदि किसानों को खाद की आपूर्ति में कठिनाई हुई तो संबंधित जिले के कलेक्टर जिम्मेदार माने जाएंगे। मुख्यमंत्री ने बुधवार को मुख्यमंत्री निवास स्थित समत्व भवन से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अधिकारियों को संबोधित किया। दिवाली पर सुरक्षा व्यवस्था रहेगी सख्त मुख्यमंत्री ने पुलिस और प्रशासन को निर्देश दिए कि दीपावली के दौरान अवैध और प्रतिबंधित पटाखों के इस्तेमाल पर रोक लगाई जाए। मानव स्वास्थ्य के लिए हानिकारक कार्बाइड गन और कार्बाइड लैंप के उपयोग पर भी कार्रवाई की जाए। उन्होंने बड़े बाजारों में फल, फूल, दीया-बाती और झालर की दुकान लगाने वाले छोटे व्यापारियों को तहबाजारी से छूट देने और उन्हें अनावश्यक परेशान नहीं करने के निर्देश दिए। साथ ही अधिकारियों से कहा कि वे दिवाली के दिन गरीब बस्तियों, अनाथालयों और वृद्धाश्रमों में जाकर बच्चों और जरूरतमंदों के साथ त्योहार मनाएं। अवैध और जहरीली शराब के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश मुख्यमंत्री ने अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन पर सख्त कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने जहरीली और नकली शराब बनाने वाले ठिकानों की पहचान कर दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। शराब के परिवहन में इस्तेमाल होने वाले वाहनों का भौतिक सत्यापन करने और लाइसेंसी दुकानों पर निर्धारित कीमत से अधिक वसूली रोकने को भी कहा। पुलिस और आबकारी विभाग को समय-समय पर शराब के नमूने लेने तथा उनमें हानिकारक तत्व पाए जाने पर संबंधित लाइसेंसधारियों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। नशामुक्ति अभियान के तहत नेटवर्क पर कार्रवाई मुख्यमंत्री ने प्रदेश में नशामुक्ति अभियान को प्रभावी बनाने के लिए गांजा, अफीम जैसे मादक पदार्थों की अवैध खेती और तस्करी पर रोक लगाने को कहा। उन्होंने नारकोटिक्स नेटवर्क को खत्म करने, मादक पदार्थ बनाने वाली प्रयोगशालाओं को बंद कराने और विशेष कॉम्बैट टीम सक्रिय करने के निर्देश दिए। अपराधियों के खिलाफ PIT-NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई करने और स्कूल, कॉलेज, कोचिंग सेंटर, बस स्टैंड तथा रेलवे स्टेशनों पर निगरानी बढ़ाने को कहा गया। साथ ही जिलों में नशामुक्ति एवं पुनर्वास केंद्र स्थापित करने और बेहतर काम करने वाले जिलों की ग्रेडिंग करने के निर्देश भी दिए। 9 नवंबर को प्रदेशभर में होगी गोवर्धन पूजा मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि 9 नवंबर को मध्यप्रदेश में गोवर्धन पूजा के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। भोपाल में भी राज्य स्तरीय आयोजन होगा। उन्होंने सभी जिलों की गौशालाओं में गौपूजन कराने और किसानों तथा पशुपालकों को इसमें शामिल करने के निर्देश दिए। गौशालाओं में टीवी स्क्रीन लगाकर भोपाल के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दिखाने को भी कहा गया। गोपाल कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना के विजेता पशुपालकों को सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के लिए सरकारी योजनाओं, अनुदान और तकनीकी सहायता का प्रचार करने तथा बैलगाड़ी प्रतियोगिताएं आयोजित करने के सुझाव भी दिए गए। धनतेरस पर स्वामित्व रजिस्ट्री और किसानों को खाद की व्यवस्था मुख्यमंत्री ने धनतेरस के दिन ग्रामीण क्षेत्रों में मुख्यमंत्री रजिस्ट्री योजना के तहत अधिक से अधिक पात्र परिवारों की शत-प्रतिशत रजिस्ट्री सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके लिए कलेक्टरों को स्थानीय सांसदों और विधायकों के साथ गांवों में जाने को कहा गया। उन्होंने अच्छा काम करने वाले पटवारियों और तहसीलदारों को 26 जनवरी को सम्मानित करने तथा उनकी उपलब्धियों को सर्विस बुक में दर्ज करने की बात कही। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने खाद और उर्वरक के भंडारण तथा वितरण की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को किसानों की जरूरत के अनुसार समय पर खाद उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। जिन 12 जिलों में इस वर्ष सामान्य वर्षा हुई है, वहां आनावारी के आंकड़े आने के बाद जल्द सर्वे कराकर पात्र किसानों को राहत राशि देने की प्रक्रिया पूरी करने को कहा गया। Share This Article Post navigation MP Cabinet Decisions : मध्यप्रदेश में 23,300 करोड़ रुपये से अधिक के प्रस्तावों को मंजूरी, वन संरक्षण से लेकर सिंचाई और स्वास्थ्य क्षेत्र को बड़ी सौगात