BoatBoat
Share This Article

 रायपुर, 12 अक्टूबर 2026 / ETrendingIndia / अफ्रीकी देश जिबूती के तट के पास प्रवासियों से भरी एक नाव डूबने से बड़ा हादसा हो गया। इस दुर्घटना में अब तक 109 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 116 लोग लापता बताए जा रहे हैं। नाव में करीब 350 लोग सवार थे। हादसे के बाद 80 से अधिक लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है। अंतरराष्ट्रीय प्रवासन संगठन (आईओएम) के अनुसार, नाव जिबूती से यमन की ओर जा रही थी। मृतकों में 15 बच्चे भी शामिल हैं।


आईओएम के मुताबिक, हादसा 8 और 9 अक्टूबर की दरमियानी रात जिबूती के ओबॉक शहर के उत्तर में हुआ। बचाव दलों ने अब तक 109 शव बरामद किए हैं। इनमें 52 पुरुष, 42 महिलाएं और 15 बच्चे शामिल हैं। हादसे में बचाए गए 80 से अधिक लोग इथियोपिया के नागरिक बताए गए हैं।


दुर्घटना के बाद लापता लोगों की तलाश के लिए अभियान चलाया जा रहा है। आईओएम की टीमें जिबूती के अधिकारियों के साथ मिलकर राहत और बचाव कार्य में जुटी हैं। समुद्री क्षेत्र में लापता लोगों का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं। आशंका है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।
आईओएम के अनुसार, प्रवासी बाब-अल-मंदेब जलडमरूमध्य के रास्ते यमन पहुंचने की कोशिश करते हैं। इसके बाद उनका लक्ष्य खाड़ी देशों तक पहुंचना होता है। बेहतर रोजगार और जीवन की तलाश में बड़ी संख्या में लोग इस जोखिम भरे समुद्री मार्ग का इस्तेमाल करते हैं।


संगठन ने कहा कि गरीबी, असुरक्षा और जलवायु परिवर्तन के बढ़ते प्रभाव के कारण लोग अपनी जान जोखिम में डालकर ऐसी यात्राएं करने को मजबूर हो रहे हैं। समुद्र के रास्ते होने वाले इन सफरों में अक्सर क्षमता से अधिक लोगों को छोटी नावों में बैठाया जाता है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है।


जिबूती में आईओएम के मिशन प्रमुख एलेक्जेंडर कोइसाक ने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने उन परिवारों के दुख में सहभागी होने की बात कही, जिन्होंने इस दुर्घटना में अपने प्रियजनों को खो दिया है।


Share This Article