रायपुर, 15 जून 2026/ ETrendingIndia / “Gift of ₹4.19 crore to the agriculture sector from DMF… Five modern warehouses with 9 thousand MT capacity will be built in Kharsia and Gharghoda” मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व तथा वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी के मार्गदर्शन में रायगढ़ जिले के कृषि क्षेत्र को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है।
जिला खनिज संस्थान न्यास (डीएमएफ) रायगढ़ द्वारा कृषि अधोसंरचना विकास के लिए 4 करोड़ 19 लाख 52 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है।
इस राशि से जिले के खरसिया और घरघोड़ा विकासखंडों में कुल 9 हजार मीट्रिक टन भंडारण क्षमता वाले पांच आधुनिक गोदाम एवं कार्यालय भवनों का निर्माण कराया जाएगा।
कार्यपालन अभियंता, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा संभाग रायगढ़ को क्रियान्वयन एजेंसी नियुक्त किया गया है।
परियोजना के तहत विकासखंड खरसिया के ग्राम टेमटेमा में 1800 मीट्रिक टन क्षमता वाले चार गोदामों का निर्माण किया जाएगा।
इनमें गोदाम क्रमांक-01 एवं कार्यालय भवन के लिए 85.17 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं, जबकि गोदाम क्रमांक-02, 03 और 04 के निर्माण हेतु प्रत्येक के लिए 79.15 लाख रुपये की मंजूरी दी गई है। इसी प्रकार विकासखंड घरघोड़ा में 1800 मीट्रिक टन क्षमता वाले एक गोदाम एवं कार्यालय भवन के निर्माण के लिए 96.90 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
इन आधुनिक भंडारण सुविधाओं के निर्माण से किसानों को अपनी उपज के सुरक्षित भंडारण की बेहतर व्यवस्था मिलेगी।
फसल कटाई के बाद होने वाले नुकसान में कमी आएगी, भंडारण क्षमता बढ़ेगी तथा किसानों को बाजार की अनुकूल परिस्थितियों में अपनी उपज बेचने का अवसर मिलेगा।
गुणवत्ता और पारदर्शिता पर विशेष जोर
कृषि अधोसंरचना को मजबूत बनाने की यह पहल किसानों की आय बढ़ाने, फसल संरक्षण को बेहतर बनाने तथा रायगढ़ जिले में कृषि आधारित आर्थिक गतिविधियों को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
