रायपुर, 09 मई 2026/ ETrendingIndia / Chhattisgarh: 3 accused, including 2 women, arrested for recovery as fake mining officer / फर्जी माइनिंग अफसर , छत्तीसगढ़ राज्य के राजनंदगांव जिले के डोंगरगांव थाना क्षेत्र में खुद को माइनिंग विभाग का अधिकारी बताकर वसूली करने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
आरोपियों ने ट्रांसपोर्टर को अवैध खनन के मामले में फंसाने की धमकी देकर पैसे ऐंठने की कोशिश की थी।
जानकारी के मुताबिक ग्राम दर्री निवासी ट्रांसपोर्टर रामसिंह राजपूत आमगांव में किसान के खेत की मरम्मत और मिट्टी समतलीकरण का कार्य करा रहे थे। इसी दौरान रवि शर्मा, रेहाना बेगम और शेख अरमान स्विफ्ट कार से मौके पर पहुंचे और खुद को माइनिंग अफसर बताने लगे।
तीनों आरोपियों ने ट्रांसपोर्टर और ड्राइवर को कार्रवाई, वाहन जब्ती और बदनामी का डर दिखाकर 10 हजार रुपये की मांग की।
घबराए ट्रांसपोर्टर ने 6 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर भी कर दिए।
घटना की सूचना मिलने पर डोंगरगांव पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए कुमरदा पेट्रोल पंप के पास घेराबंदी की और तीनों आरोपियों को कार सहित गिरफ्तार कर लिया।
जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी फर्जी अधिकारी बनकर लोगों से अवैध वसूली करते थे।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया है। साथ ही लोगों से अपील की है कि कोई भी संदिग्ध व्यक्ति खुद को सरकारी अधिकारी बताकर वसूली करे तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें।
