रायपुर, 03 जुलाई 2026/ FIFA World Cup: A major shock to the sports world amidst the World Cup…! Palestinian player dead… shot and killed.
FIFA World Cup : अमेरिका, कनाडा और मेक्सिको में खेले जा रहे FIFA World Cup 2026 के रोमांच के बीच खेल जगत से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। फिलिस्तीनी फुटबॉलर और खान यूनिस सर्विसेज क्लब के गोलकीपर सलीम खादर अल-अश्कर (32) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। फिलिस्तीन फुटबॉल एसोसिएशन (PFA) ने उनकी मौत की पुष्टि की है। एसोसिएशन का आरोप है कि उनकी मौत इजराइली सैन्य कार्रवाई के दौरान हुई।
सलीम की मौत ने सिर्फ फुटबॉल जगत ही नहीं, बल्कि पूरे फिलिस्तीन को शोक में डुबो दिया है। महज पांच महीने पहले उनकी शादी हुई थी और उनकी पत्नी गर्भवती हैं। वह अपने पहले बच्चे का चेहरा देखने से पहले ही दुनिया को अलविदा कह गए।
सात बहनों के इकलौते भाई थे सलीम
फिलिस्तीन फुटबॉल एसोसिएशन के अनुसार, सलीम सात बहनों के इकलौते भाई थे। उनकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। एसोसिएशन ने इसे फिलिस्तीनी खेल जगत के लिए अपूरणीय क्षति बताया।
विश्व कप में नहीं खेल सकी फिलिस्तीन टीम
फिलिस्तीन की राष्ट्रीय फुटबॉल टीम इस बार FIFA World Cup 2026 के लिए क्वालिफाई नहीं कर सकी। एशियाई क्वालीफायर में जगह नहीं बना पाने के कारण टीम टूर्नामेंट से बाहर रही। इस बार पहली बार 48 टीमों की भागीदारी के साथ विश्व कप में कुल 104 मैच खेले जा रहे हैं।
संघर्ष की सबसे बड़ी कीमत खेल जगत ने चुकाई
फिलिस्तीन फुटबॉल एसोसिएशन के मुताबिक, इजराइल-हमास संघर्ष के दौरान अब तक 1009 एथलीटों की मौत हो चुकी है। इनमें 567 फुटबॉल खिलाड़ी, कोच और रेफरी शामिल हैं। यह आंकड़े बताते हैं कि लंबे संघर्ष ने फिलिस्तीन के खेल ढांचे और खिलाड़ियों पर कितना गहरा असर डाला है।
