Share This Article Fit India : केन्द्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने वाराणसी में ‘फिट इंडिया संडेज ऑन साइकिल’ के 94वें संस्करण का नेतृत्व किया।इस कार्यक्रम में 500 से अधिक साइकिल चालकों एवं 1,000 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया और नशा-मुक्त युवा व स्वस्थ भारत का संदेश दिया। एशियाई खेलों के पदक विजेता भी शामिल हुए ‘विकसित भारत के लिए नशा मुक्त युवा’ थीम पर आधारित इस कार्यक्रम में 2026 आइची-नागोया एशियाई खेलों के पदक विजेताओं – सुश्री प्राची चौधरी, सुश्री पारुल चौधरी, श्री जय कुमार और श्री राज कुमार पाल – ने भी भाग लिया। इस कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 6:00 बजे नमो घाट पर ध्यान सत्र के साथ हुई। इस सत्र का नेतृत्व हैदराबाद के कान्हा शांतिवनम स्थित हार्टफुलनेस इंस्टीट्यूट की युवा कार्यक्रम निदेशक डॉ. निवेदिता श्रेयांस ने किया। उन्होंने स्वस्थ जीवन जीने के लिए शारीरिक फिटनेस के साथ-साथ मानसिक स्वास्थ्य के महत्व पर जोर दिया। इसके बाद शानदार कथक प्रस्तुति और जोरदार जुम्बा सत्र हुआ, जिसमें सांस्कृतिक अभिव्यक्ति, गतिविधि और सामुदायिक भागीदारी के जरिए समग्र कल्याण को बढ़ावा दिया गया। सभा को संबोधित करते हुए, डॉ. मांडविया ने युवाओं से फिटनेस को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया। केन्द्रीय मंत्री और प्रतिभागियों ने ‘नशा मुक्त भारत’ की शपथ ली और नशीले पदार्थों के दुरुपयोग से निपटने तथा नशा-मुक्त पीढ़ी बनाने के अपने सामूहिक संकल्प को दोहराया। इस कार्यक्रम में 2026 आइची-नागोया एशियाई खेलों के विशिष्ट पदक विजेताओं को सम्मानित करके भारत की खेल उपलब्धियों का उत्सव भी मनाया गया। सम्मानित खिलाड़ियों में महिलाओं की 400 मीटर दौड़ में कांस्य पदक विजेता सुश्री प्राची चौधरी, महिलाओं की 3000 मीटर स्टीपलचेज और 5000 मीटर दौड़ में दो कांस्य पदक विजेता सुश्री पारुल चौधरी, मिश्रित 4×400 मीटर रिले में रजत पदक विजेता और पुरुषों की 4×400 मीटर रिले में कांस्य पदक विजेता श्री जय कुमार और भारतीय पुरुष हॉकी टीम के सदस्य के रूप में स्वर्ण पदक विजेता श्री राज कुमार पाल शामिल थे। Share This Article Post navigation यूपी राज्यसभा चुनाव में BJP का बड़ा दांव… 8 नए चेहरों को मौका