नई दिल्ली, 01 जुलाई 2026/ HDFC Bank Chairman: Major change at HDFC Bank…! Former CEC Rajiv Kumar appointed as the new Chairman… The mastermind behind the 2019 bank merger will now take on this new responsibility.
HDFC Bank Chairman : देश के सबसे बड़े निजी बैंक HDFC Bank ने अपने शीर्ष नेतृत्व में बड़ा बदलाव किया है। बैंक ने पूर्व वित्त सचिव और देश के पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) राजीव कुमार को अपना नया पार्ट-टाइम चेयरमैन नियुक्त किया है। बैंक के बोर्ड ने उन्हें तीन साल के लिए इस पद पर नियुक्त किया है। इसके साथ ही वह 30 जून 2026 से अगले चार वर्षों तक एडिशनल इंडिपेंडेंट डायरेक्टर की भूमिका भी निभाएंगे। वह अब तक चेयरमैन रहे अतनु चक्रवर्ती की जगह लेंगे।
बैंकिंग सुधारों के लिए जाना जाता है नाम
1984 बैच के आईएएस अधिकारी रहे राजीव कुमार ने अपने प्रशासनिक करियर में कई अहम जिम्मेदारियां संभाली हैं। वह 2017 से 2020 तक वित्तीय सेवा विभाग (Department of Financial Services) के सचिव रहे। फरवरी 2020 में सेवानिवृत्ति के बाद उन्होंने पब्लिक एंटरप्राइजेज सेलेक्शन बोर्ड (PESB) के चेयरमैन के रूप में भी सेवाएं दीं। बाद में उन्हें भारत का 25वां मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) नियुक्त किया गया, जिनके नेतृत्व में 2024 का लोकसभा चुनाव सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
2019 का मेगा बैंक मर्जर
राजीव कुमार का सबसे चर्चित फैसला 2019 का सरकारी बैंकों का मेगा मर्जर माना जाता है। उस समय सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक बढ़ते एनपीए (Bad Loans) और वित्तीय दबाव से जूझ रहे थे। उनके नेतृत्व में 10 सरकारी बैंकों का विलय कर चार बड़े और मजबूत बैंक बनाए गए।
- Punjab National Bank में Oriental Bank of Commerce और United Bank of India का विलय।
- Canara Bank में Syndicate Bank का विलय।
- Union Bank of India में Andhra Bank और Corporation Bank का विलय।
- Indian Bank में Allahabad Bank का विलय।
इस फैसले ने सरकारी बैंकिंग व्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
HDFC Bank को कैसे मिलेगा फायदा?
बैंकिंग, वित्तीय सुधार और नियामकीय मामलों का लंबा अनुभव रखने वाले राजीव कुमार अब HDFC Bank की रणनीतिक दिशा तय करने में अहम भूमिका निभाएंगे। विशेषज्ञों का मानना है कि उनका अनुभव बैंक के कॉरपोरेट गवर्नेंस, रेगुलेटरी कंप्लायंस, जोखिम प्रबंधन और दीर्घकालिक विकास रणनीति को और मजबूत करेगा। निजी बैंकिंग क्षेत्र में बढ़ती प्रतिस्पर्धा के बीच यह नियुक्ति बैंक के लिए एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
छत्तीसगढ़ से भी जुड़ा है खास कनेक्शन
राजीव कुमार का छत्तीसगढ़ से भी पारिवारिक संबंध है। उनके दामाद रजत बंसल छत्तीसगढ़ कैडर के 2012 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। वर्तमान में वे मुख्यमंत्री के विशेष सचिव, जनसंपर्क आयुक्त, डायरेक्टर माइनिंग और एमडी माइनिंग कॉर्पोरेशन जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल रहे हैं। इससे पहले वे रायपुर नगर निगम आयुक्त तथा धमतरी, जगदलपुर और बलौदाबाजार के कलेक्टर भी रह चुके हैं।
