रायपुर 10 अप्रैल 2026/ ETrendingIndia / Trump lashes out at charging fees from ships passing through Hormuz: Iran to stop immediately / होर्मुज जहाज शुल्क विवाद , अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने होर्मुज जलडमरूमध्य पर ईरान की सख्ती को लेकर एक बार फिर नाराजगी जताई है और उसे चेतावनी दी है।
ट्रंप ने सोशल मीडिया पर कहा कि ईरान होर्मुज से जहाज गुजरने को लेकर बहुत खराब काम कर रहा है, जबकि उनका समझौता ऐसा बिल्कुल नहीं है। उन्होंने ईरान द्वारा जहाजों से शुल्क वसूले जाने पर भी नाराजगी जताई और कहा कि वसूली तुरंत रोक देना चाहिए।
ट्रंप ने ट्रुथ पर लिखा, ईरान, होर्मुज जलडमरूमध्य से तेल को गुजरने देने के मामले में बहुत खराब काम कर रहा है, कुछ लोग इसे अपमानजनक भी कहेंगे। हमारा समझौता ऐसा बिल्कुल नहीं है!
इसके बाद उन्होंने एक दूसरे पोस्ट में कहा कि ऐसी खबरें हैं कि ईरान, होर्मुज से गुजरने वाले टैंकरों से शुल्क वसूल रहा है, उन्हें ऐसा बिल्कुल नहीं करना चाहिए, और अगर वे ऐसा कर रहे हैं, तो उन्हें अभी के अभी इसे रोक देना चाहिए!
ईरान ने होर्मुज से गुजरने वाले जहाजों को लेकर नए नियम और शुल्क तय किए हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ईरान दो सप्ताह के युद्धविराम के दौरान होर्मुज से गुजरने वाले सभी तेल टैंकरों पर 1 डॉलर प्रति बैरल का शुल्क लगाने की योजना बना रहा है। भुगतान क्रिप्टोकरेंसी में किया जाएगा।
इसके अलावा, ईरान अगले 2 हफ्ते तक होर्मुज जलडमरूमध्य से हर दिन 15 से कम जहाजों को गुजरने की अनुमति देगा, जबकि पहले 60 जहाज गुजरते थे।
फारस की खाड़ी और ओमान की खाड़ी के बीच में स्थित संकरे समुद्री मार्ग होर्मुज पर शुल्क लगाने का प्रस्ताव ओमान ने खारिज कर दिया है। ओमान के परिवहन मंत्री ने कहा कि होर्मुज से गुजरने वाले जहाजों पर कोई शुल्क नहीं लगेगा।
कई खाड़ी देशों ने भी इसका विरोध किया है, उनका तर्क है कि अंतरराष्ट्रीय समुद्री कानून स्वेज या पनामा जैसी मानव निर्मित नहरों पर शुल्क की अनुमति देता है, जबकि होर्मुज प्राकृतिक जलमार्ग है।
