indian cinema.indian cinema.
Share This Article

रायपुर, 19 नवंबर 2026/ ETrendingIndia / 57वां भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव- इफ्फी, गोवा में 20 से 28 नवंबर, 2026 तक आयोजित होने जा रहा है। ‘सीमाओं से परे कहानियां’ की व्यापक विषयवस्तु के साथ इस फिल्म महोत्सव में भारतीय सिनेमा और विशेष रूप से तैयार किए गए मिशन लाइफ खंड को वैश्विक सिनेमाई संवाद के केंद्र में रखा गया है। इन दोनों प्रमुख स्तंभों को एक साथ लाने का मुख्य उद्देश्य भारत की भाषाई और क्षेत्रीय कहानी कहने की विविधता को उजागर करने के साथ-साथ सिनेमा को पर्यावरणीय बदलावों, प्रकृति की भूमिका और केवल मानव-केंद्रित दृष्टिकोण से परे निरंतर सह-अस्तित्व की संभावनाओं को तलाशने के माध्यम के रूप में उपयोग करना है।

इस समन्वय के माध्यम से महोत्सव का उद्देश्य ‘विश्व के लिए भारत में सृजन’ की राष्ट्रीय परिकल्पना को आगे बढ़ाना, उभरती हुई रचनात्मक प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना तथा दर्शकों को पृथ्वी और एक-दूसरे के प्रति मानवता की साझा जिम्मेदारी पर विचार करने के लिए प्रेरित करना है।

भारतीय पैनोरमा खंड

महोत्सव के कार्यक्रमों में भारतीय सिनेमा का प्रमुख स्थान है, जो इफ्फी का मुख्य आकर्षण बना हुआ है। देश की फिल्म-अनुकूल नीतियों और जीवंत रचनात्मक अर्थव्यवस्था को प्रदर्शित करते हुए भारतीय पैनोरमा खंड में 30 फीचर फिल्मों, 20 गैर-फीचर फिल्मों और सर्वश्रेष्ठ वेब सीरीज (ओटीटी) पुरस्कार के लिए नामांकित 5 वेब सीरीज की व्यापक झलक प्रस्तुत की जाएगी। फीचर फिल्मों के चयन में मुख्यधारा की 5 फिल्में, भारतीय फीचर फिल्म के सर्वश्रेष्ठ नवोदित निर्देशक पुरस्कार के लिए प्रतिस्पर्धा करने वाली पांच फिल्में तथा न्यू होराइजन खंड के अंतर्गत चयनित वे फिल्में शामिल हैं, जिनका विश्व, अंतरराष्ट्रीय, एशिया या भारत में पहली बार प्रदर्शन किया जाएगा।

प्रमुख प्रतिस्पर्धी श्रेणियों में भी भारतीय फिल्मों की मजबूत उपस्थिति है। अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में ‘कांतारा: ए लीजेंड – चैप्टर 1’ (कन्नड़), ‘पारो – द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ ब्राइड स्लेवरी’ (हिंदी) और ‘द केरल स्टोरी 2 गोज बियॉन्ड’ (हिंदी) शामिल हैं। वहीं, सर्वश्रेष्ठ नवोदित फीचर फिल्म श्रेणी में ‘बर्ड्स ऑन आइस’ (लद्दाखी) और ‘स्लेज’ (कश्मीरी) तथा आईसीएफटी-यूनेस्को गांधी पदक के लिए ‘कबीर सर का आखिरी लेसन’ (हिंदी), ‘प्लेयर 5’ (तमिल) और ‘सेव मिच्चर’ (हिंदी) प्रतिस्पर्धा करेंगी।

इसके अलावा, यह महोत्सव ‘थुलाभारम’, ‘सधी मानसे’, ‘वक्त’, ‘कश्मीर की कली’ और ‘चौरंगी’ जैसी शास्त्रीय फिल्मों के शताब्दी समारोह के माध्यम से भारत की समृद्ध सिनेमाई विरासत का सम्मान करेगा। फिल्म ‘भक्त कन्नप्पा’ और ‘कभी कभी’ की स्वर्ण जयंती के अवसर पर विशेष श्रद्धांजलि दी जाएगी। इसके साथ ही वरिष्ठ फिल्मकारों भरतिराजा, के. भाग्यराज और नाना पाटेकर को भी विशेष सम्मान दिया जाएगा। वहीं, ‘क्रिएटिव माइंड्स ऑफ टुमॉरो’ (सीएमओटी) के छठे संस्करण के माध्यम से फिल्म निर्माण से जुड़ी 13 विधाओं में 100 युवा प्रतिभाओं को अपनी रचनात्मक क्षमता विकसित करने का अवसर प्रदान किया जाएगा।

मिशन लाइफ के लिए समर्पित खंड

राष्ट्रीय कहानी कहने की इस परंपरा को आगे बढ़ाते हुए मिशन लाइफ के लिए समर्पित खंड में पांच अंतरराष्ट्रीय फिल्मों का चयन किया गया है। ये फिल्में पारिस्थितिक बदलावों, मानव और गैर-मानव संबंधों तथा सतत जीवनशैली को नए सिरे से परिभाषित करने की तात्कालिक आवश्यकता पर केंद्रित हैं।

इस चयन में मारिया मोलिना पेइरो की फिल्म ‘लाइक एनी अदर मॉर्टल’ (कोमो टोडो मॉर्टल) शामिल है। नीदरलैंड और स्पेन के संयुक्त निर्माण वाली यह फिल्म एशिया में पहली बार प्रदर्शित की जाएगी। इसमें वृत्तचित्र, फ्लेमेंको और विज्ञान-कथा का संयोजन करते हुए स्पेन के आंदालुसिया क्षेत्र में प्राचीन खनन गतिविधियों से बने निशानों और मंगल ग्रह पर रोबोटिक अन्वेषण के बीच समानताएं दर्शाई गई हैं।

इक्वाडोर, चिली और जर्मनी की संयुक्त प्रस्तुति के रूप में वेरेनिस बेनिटेज की फिल्म ‘नुंकुई’ का भी एशिया में पहली बार प्रदर्शन किया जाएगा। यह फिल्म अमेजन क्षेत्र के शुआर समुदाय की एक युवा लड़की की कहानी है, जो अपने पैतृक गीतों, जंगल की आत्माओं और प्रकृति के साथ अपने गहरे संबंधों से शक्ति प्राप्त करती है। इस दौरान खनन कंपनियां उसकी मातृभूमि में प्रवेश करने का प्रयास करती हैं।

नीदरलैंड और इंडोनेशिया की सबीन ग्रोनेवेगेन की फिल्म ‘द क्लियरिंग’ का भारत में पहली बार प्रदर्शन किया जाएगा। यह फिल्म अभिलेखीय और समकालीन दृश्यों को एक साथ प्रस्तुत करते हुए सुमात्रा के वर्षावनों को रबर के बागानों में बदलने की औपनिवेशिक प्रक्रिया तथा शोषण और प्रतिरोध की स्थायी विरासत को उजागर करती है।

लियोनार्डो पिरोंडी की पुर्तगाल-ब्राजील की प्रयोगात्मक विज्ञान-कथा फीचर फिल्म ‘ट्रॉपिकल फ्रैक्टल्स’ (फ्रैक्टाइस ट्रॉपिकाइस) मिशन लाइफ खंड को और समृद्ध बनाती है। इसका भारत में पहली बार प्रदर्शन किया जाएगा। यह फिल्म अंतरिक्ष में यात्रा करने वाले वैज्ञानिकों और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस प्रणाली की कहानी प्रस्तुत करती है, जो पृथ्वी पर बचे अंतिम अवशेषों का अध्ययन कर रहे हैं। इसी दौरान एक अकेला यात्री एक उजाड़ ग्रह पर आगे बढ़ता है, जहां प्रकृति फिर से जीवन की ओर लौटने लगी है।

इस खंड की अंतिम फिल्म प्रसिद्ध कंबोडियाई-फ्रांसीसी फिल्मकार रिथी पान की ‘वी आर द फ्रूट्स ऑफ द फॉरेस्ट’ (नू सोम ले फ्रूई द ला फोरे) है। भारत में पहली बार प्रदर्शित होने वाली यह वृत्तचित्र फिल्म कंबोडिया के सुदूर पहाड़ी क्षेत्रों में रहने वाले मूल निवासी बुनोंग समुदाय के जीवन को करीब से दर्शाती है। यह समुदाय कॉरपोरेट कंपनियों के अतिक्रमण और जलवायु परिवर्तन के कारण कृषि क्षेत्र में उत्पन्न व्यवधानों के बीच अपनी पैतृक परंपराओं और उपजाऊ भूमि की रक्षा के लिए प्रयासरत है।

57वां भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव भारत की कालजयी कहानी कहने की परंपराओं को पर्यावरण संरक्षण से जुड़े वैश्विक मुद्दों पर होने वाले तात्कालिक विमर्श के साथ जोड़ता है। इस प्रकार यह महोत्सव एक बार फिर इस बात की पुष्टि करता है कि सिनेमा में सीमाओं से परे विभिन्न संस्कृतियों को एकजुट करने की अपार शक्ति है। 


Share This Article
Advertisement Carousel