Share This Article रायपुर, 25 नवंबर 2026 / ETrendingIndia / छत्तीसगढ़ में मखाना उत्पादन एवं प्रसंस्करण की संभावनाओं पर विचार मंथन हेतु इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, राष्ट्रीय मखाना बोर्ड तथा उद्यानिकी विभाग के संयुक्त तत्वावधान में 26 नवंबर को कृषि महाविद्यालय में दो दिवसीय राष्ट्रीय मखाना कार्यशाला का शुभारंभ होगा। स्वामी विवेकानन्द सभागार में कल प्रातः 11 बजे इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डाॅ. गिरीश चंदेल कार्यशाला का शुभारंभ करेंगे। इसमें छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों के लगभग 250-300 किसान एवं महिला स्व-सहायता समूहों के सदस्य तथा मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश और उड़ीसा के किसानों सहित कृषि, उद्यानिकी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी और विभिन्न संस्थानों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। इस अवसर पर मखाना के विभिन्न उत्पादों एवं प्रसंस्करण प्रौद्योगिकी पर एक प्रदर्शनी भी आयोजित की जाएगी। कार्यशाला में मखाना की उन्नत खेती, प्रसंस्करण, मशीनीकरण, मूल्य संवर्धन, कीट एवं रोग प्रबंधन तथा विपणन से संबंधित विषयों पर विशेषज्ञ जानकारी देंगे। राष्ट्रीय मखाना संस्थान के प्रमुख वैज्ञानिक डाॅ. मनोज कुमार, प्रसंस्करण के मुख्य वैज्ञानिक धमेन्दर कुमार, बिहार के मखाना विशेषज्ञ डाॅ. विद्यानन्द झा, केंद्रीय फसल-कटाई उपरांत अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संस्थान, लुधियाना के प्रमुख वैज्ञानिक डाॅ. राजेश कुमार विश्वकर्मा सहित इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के डाॅ. घनश्याम दास साहू एवं डाॅ. गजेन्द्र चन्द्राकर विभिन्न विषयों पर व्याख्यान देंगे। राष्ट्रीय मखाना बोर्ड द्वारा प्रक्षेत्र विस्तार, बीज उत्पादन, फसल कटाई उपरांत प्रबंधन, मूल्य संवर्धन, बाजार एवं निर्यात संवर्धन के लिए विभिन्न प्रकार के अनुदान एवं सहायता भी उपलब्ध कराई जा रही है। राष्ट्रीय मखाना बोर्ड में छत्तीसगढ़ को शामिल किए जाने के बाद प्रदेश में मखाना उत्पादन के विस्तार की संभावनाएं बढ़ी हैं। वर्तमान में प्रदेश में 133.862 हेक्टेयर क्षेत्र में मखाना की खेती की जा रही है, जिसमें 96.438 हेक्टेयर तालाबों तथा 37.424 हेक्टेयर कम गहरे पानी वाले खेतों में है। प्रदेश में 15 हेक्टेयर क्षेत्र में मखाना बीज उत्पादन कार्यक्रम भी संचालित किया जा रहा है। धमतरी, रायपुर (आरंग), बालोद, महासमुंद, गरियाबंद और जांजगीर-चांपा प्रमुख मखाना उत्पादक जिले हैं। Share This Article Post navigation IAS Guidance Programme : कलेक्टर बनने का सपना है? रायपुर में 3 IAS अधिकारियों से सीधे सीखें UPSC-PSC क्रैक करने की रणनीति, 30 नवंबर को कार्यक्रम चक्रवात/असमय बारिश से फसल क्षति : बीमित किसानों को नियमानुसार मिलेगा बीमा लाभ…