IGKVIGKV
Share This Article

रायपुर, 14 अगस्त 2026/ ETrendingIndia / इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के सेवानिवृत्त प्राध्यापकों की लंबित पेंशन संबंधी मांगों को लेकर संघ का क्रमिक धरना आज 19वें दिन भी जारी रहा। लगातार आश्वासन मिलने के बावजूद पेंशन प्रकरणों के निराकरण में हो रही देरी से धरनारत सेवानिवृत्त प्राध्यापकों में भारी आक्रोश है। आज संघ के पदाधिकारियों ने कुलपति से सौजन्य भेंट की।

अधिनियम एवं पेंशन नियमों की अनदेखी

संघ ने कहा कि यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है कि विश्वविद्यालय अधिनियम, 1987, सिविल सेवा (पेंशन) नियम, 1976 तथा छत्तीसगढ़ शासन द्वारा समय-समय पर जारी पेंशन संबंधी आदेशों एवं निर्देशों के अनुरूप लंबित वैधानिक प्रकरणों को समयबद्ध तरीके से ऑडिट भेजने की कार्रवाई नहीं की जा रही है।

17 अगस्त से कार्यालय का घेराव

इन परिस्थितियों में संघ ने निर्णय लिया है कि सोमवार, 17 अगस्त 2026 से लंबित वैधानिक पेंशन प्रकरणों को ऑडिट हेतु भेजने तथा PPO जारी होने तक कार्यालय का प्रतिदिन घेराव कर शांतिपूर्ण विरोध-प्रदर्शन किया जाएगा।

15 अगस्त को धरना स्थल पर होगा ध्वजारोहण

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर संघ द्वारा 15 अगस्त 2026 को प्रातः 8:30 बजे धरना स्थल पर ध्वजारोहण किया जाएगा। संघ ने विश्वविद्यालय प्रशासन से मांग की है कि अब आश्वासनों के बजाय तत्काल ठोस कार्रवाई की जाए और सभी लंबित पेंशन प्रकरणों को नियमानुसार ऑडिट हेतु भेजकर PPO जारी करने की प्रक्रिया पूरी की जाए।

सेवानिवृत्त प्राध्यापकों ने जीवनभर विश्वविद्यालय की सेवा की है और उन्हें अपने वैधानिक पेंशन अधिकारों के लिए इस प्रकार धरने एवं घेराव के लिए मजबूर होना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण एवं चिंताजनक है।


Share This Article