India 6th Generation Fighter JetIndia 6th Generation Fighter Jet
Share This Article

रायपुर, 17 नवंबर 2026। India 6th Generation Fighter Jet : भारत की रक्षा तकनीक को लेकर एक बड़ी घोषणा सामने आई है। देश में छठी पीढ़ी का लड़ाकू विमान विकसित करने की तैयारी की जा रही है और इसकी पहली उड़ान 2030 तक संभव बताई गई है। रिपोर्ट के मुताबिक, इस परियोजना पर निजी क्षेत्र की रक्षा कंपनी रेफी एमफाइबर काम कर रही है। सोमवार को आयोजित नेशनल सिक्योरिटी समिट में वायुसेना अधिकारियों की मौजूदगी में कंपनी के अध्यक्ष विकास मिश्रा ने भारत को छठी पीढ़ी का फाइटर जेट देने की योजना का ऐलान किया।

निजी कंपनी के साथ 12 देशों के इंजीनियर जुड़े

कंपनी के अनुसार, इस विमान के डिजाइन और विकास में 12 देशों के विमान इंजीनियर जुड़े हुए हैं। परियोजना के लिए एयरक्राफ्ट डिजाइन और निर्माण के उद्देश्य से 10 करोड़ डॉलर का फंड जुटाया गया है। कंपनी ने ड्रोन तकनीक में अपनी विशेषज्ञता के साथ दिल्ली-एनसीआर में करीब 7 लाख वर्ग फुट क्षेत्र में निर्माण एवं विकास सुविधा भी तैयार की है।

F-35 से बेहतर प्रदर्शन का कंपनी का दावा

कंपनी के सूत्रों के मुताबिक, प्रस्तावित लड़ाकू विमान छठी पीढ़ी के निर्धारित तकनीकी मानकों को ध्यान में रखकर विकसित किया जा रहा है। दावा किया गया है कि प्रदर्शन के कुछ पहलुओं में यह अमेरिका के एफ-35 लड़ाकू विमान के पैरामीटर्स से भी आगे हो सकता है। विमान के डिजाइन में भारतीय वायुसेना की जरूरतों को भी ध्यान में रखने की बात कही गई है।

भारत का आधिकारिक पांचवीं पीढ़ी का प्रोजेक्ट AMCA

फिलहाल भारत का आधिकारिक स्वदेशी स्टेल्थ फाइटर कार्यक्रम एडवांस्ड मीडियम कॉम्बैट एयरक्राफ्ट (AMCA) है, जो पांचवीं पीढ़ी का लड़ाकू विमान विकसित करने की परियोजना है। लड़ाकू विमानों को उनकी तकनीक, क्षमता और युद्ध प्रणाली के आधार पर अलग-अलग पीढ़ियों में वर्गीकृत किया जाता है। ऐसे में छठी पीढ़ी के विमान की दिशा में निजी क्षेत्र की यह घोषणा रक्षा क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गई है।

समुद्र के भीतर की आवाजें पकड़ने वाला यंत्र बना रहा DRDO

इसी बीच भारत समुद्री निगरानी क्षमता को मजबूत करने के लिए भी काम कर रहा है। हिंद महासागर क्षेत्र में पनडुब्बियों की गतिविधियों पर नजर रखने के उद्देश्य से रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (DRDO) ने ‘वरुण ध्वनि-01’ नामक यंत्र विकसित किया है। इसके जरिए समुद्र के भीतर होने वाली आवाजों को रिकॉर्ड कर संकेत GSAT उपग्रह के माध्यम से रक्षा प्रयोगशाला तक भेजे जाने की योजना है। इससे समुद्र के भीतर की गतिविधियों की निगरानी में मदद मिलने की उम्मीद है।


Share This Article
Advertisement Carousel