Share This Article

रायपुर,19 मई 2026/ ETrendingIndia / Image of country’s first bullet train revealed: Glimpses of India’s fastest train in future, govt clarification, says – symbolic / भारत की बुलेट ट्रेन , भारत में बुलेट ट्रेन का सपना अब धीरे-धीरे हकीकत बनता दिखाई दे रहा है। भारतीय रेलवे ने देश की पहली बुलेट ट्रेन का डिजाइन पब्लिक कर दिया है। नई दिल्ली स्थित रेलवे मंत्रालय में इस ट्रेन की तस्वीर लगाई गई है, जिसने लोगों के बीच उत्साह बढ़ा दिया है।

रेलवे मंत्रालय के गेट नंबर-4 पर लगाई गई यह तस्वीर भारत की भविष्य की सबसे तेज ट्रेन की पहली आधिकारिक झलक मानी जा रही है।

लेकिन, रेलवे बोर्ड के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि रेल भवन में लगाई गई बुलेट ट्रेन की तस्वीर केवल प्रतीकात्मक थी। अधिकारियों ने बताया कि यह वास्तविक नहीं है जैसा कि कुछ मीडिया ने रिपोर्ट किया था।

बुलेट ट्रेन मुंबई-अहमदाबाद हाई स्पीड रेल कॉरिडोर पर चलेगी

यह बुलेट ट्रेन मुंबई-अहमदाबाद हाई स्पीड रेल कॉरिडोर पर चलेगी और देश में हाई-स्पीड यात्रा का नया दौर शुरू करेगी। ये बुलेट ट्रेन आने वाले समय में भारत की रेल यात्रा पूरी तरह बदलने वाली है। आधुनिक डिजाइन, तेज रफ्तार और अत्याधुनिक तकनीक से लैस यह ट्रेन सिर्फ सफर को आसान नहीं बनाएगी, बल्कि भारत को दुनिया के उन चुनिंदा देशों की कतार में भी खड़ा करेगी जहां बुलेट ट्रेन जैसी एडवांस रेल सेवाएं मौजूद हैं।

बुलेट ट्रेन महाराष्ट्र, गुजरात और दादरा एवं नगर हवेली से होकर गुजरेगी

508 किलोमीटर लंबा मुंबई-अहमदाबाद हाई स्पीड रेल प्रोजेक्ट भारत का पहला बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट है। यह ट्रेन महाराष्ट्र, गुजरात और दादरा एवं नगर हवेली से होकर गुजरेगी।

इस रूट पर कुल 12 स्टेशन बनाए जाएंगे, जिनमें मुंबई, ठाणे, विरार, बोइसर, वापी, बिलिमोरा, सूरत, भरूच, वडोदरा, आनंद, अहमदाबाद और साबरमती शामिल हैं।

समुद्र के नीचे सुरंग

रेलवे के अनुसार गुजरात के 8 स्टेशनों पर फाउंडेशन का काम पूरा हो चुका है। वहीं महाराष्ट्र में ठाणे, विरार और बोइसर में तेजी से निर्माण कार्य चल रहा है।मुंबई के बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स स्टेशन पर खुदाई का काम लगभग पूरा हो चुका है। इसके अलावा समुद्र के नीचे बनने वाली सुरंग का काम भी तेजी से आगे बढ़ रहा है।

इस हाई-स्पीड ट्रेन को मेक इन इंडिया पहल के तहत तैयार किया जा रहा है। चेन्नई की इंटीग्रल कोच फैक्ट्री और बेंगलुरु की बीईएमएल मिलकर ट्रेन सेट विकसित कर रही हैं। रेलवे के मुताबिक इस ट्रेन की डिजाइन स्पीड करीब 280 किलोमीटर प्रति घंटा होगी। इससे मुंबई से अहमदाबाद का सफर कुछ ही घंटों में पूरा किया जा सकेगा।

बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट को जापान की हाई-स्पीड रेल तकनीक की मदद से विकसित किया जा रहा है। हालांकि इसे भारत के मौसम और जरूरतों को ध्यान में रखते हुए खास तरीके से तैयार किया गया है।

रेलवे का कहना है कि सुरक्षा और आराम के मामले में यह ट्रेन विश्वस्तरीय सुविधाओं से लैस होगी।

विशेषज्ञों का मानना है कि यह प्रोजेक्ट सिर्फ एक ट्रेन नहीं, बल्कि भारत के परिवहन सिस्टम में बड़ा बदलाव साबित हो सकता है। इससे यात्रा तेज होगी, व्यापार को बढ़ावा मिलेगा और हाई-स्पीड रेल तकनीक में भारत की नई पहचान बनेगी।