Share This Article मुंबई, 1 नवंबर 2026। Indian 3 New Poster : साउथ सिनेमा के दिग्गज अभिनेता कमल हासन और मशहूर निर्देशक एस. शंकर की बहुप्रतीक्षित एक्शन-थ्रिलर फिल्म ‘इंडियन 3’ को लेकर फैंस का इंतजार बढ़ गया है। फिल्म के निर्माताओं ने इसका नया पोस्टर जारी कर दिया है। लाइका प्रोडक्शंस ने सोशल मीडिया पर पोस्टर साझा करते हुए सेनापति की वापसी का ऐलान किया। पोस्ट के साथ लिखा गया, “सेनापति जीरो टॉलरेंस के साथ वापस आ गए हैं। इंडियन 3 वॉर मोड में वापसी शुरू होती है।” पोस्ट-प्रोडक्शन का काम तेज, नए पोस्टर से बढ़ी उत्सुकता फिल्म से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, ‘इंडियन 3’ का पोस्ट-प्रोडक्शन काम तेजी से आगे बढ़ रहा है। फिल्म के तीसरे भाग का बड़ा हिस्सा दूसरे भाग की शूटिंग के दौरान ही फिल्माया जा चुका था। ऐसे में अब निर्माताओं का ध्यान फिल्म को अंतिम रूप देने पर है। नए पोस्टर के सामने आने के बाद दर्शकों के बीच सेनापति के किरदार को फिर से बड़े पर्दे पर देखने की उत्सुकता बढ़ गई है। 1996 में शुरू हुई थी इंडियन फ्रेंचाइजी ‘इंडियन’ फ्रेंचाइजी की शुरुआत वर्ष 1996 में रिलीज हुई फिल्म ‘इंडियन’ से हुई थी। कमल हासन के साथ मनीषा कोइराला और उर्मिला मातोंडकर ने भी फिल्म में अहम भूमिकाएं निभाई थीं। दर्शकों से मिले अच्छे प्रतिसाद के बाद अभिनेता कमल हासन और निर्देशक एस. शंकर ने इसकी अगली कड़ी बनाने की योजना बनाई। वर्ष 2017 में ‘इंडियन 2’ की घोषणा की गई, लेकिन फिल्म को पूरा होने में कई साल लग गए। आखिरकार यह 2024 में रिलीज हुई। इसके बाद कहानी को आगे बढ़ाने के लिए तीसरे भाग की तैयारी की गई। सेट पर हादसे और कोरोना के कारण अटकी थी शूटिंग ‘इंडियन 2’ के निर्माण के दौरान कई मुश्किलें सामने आईं। फिल्म के सेट पर हुए एक हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई थी और 10 से अधिक लोग घायल हुए थे। दुर्घटना के बाद शूटिंग रोक दी गई। कमल हासन, निर्देशक शंकर और लाइका प्रोडक्शंस ने मृतकों के परिवारों को आर्थिक सहायता देने की घोषणा की थी। इसके बाद शूटिंग दोबारा शुरू करने की कोशिश हुई, लेकिन कोरोना महामारी के कारण प्रोजेक्ट फिर रुक गया। निर्देशक, अभिनेता और निर्माताओं के बीच मतभेदों की खबरें भी सामने आईं। काफी बातचीत के बाद विवाद सुलझे और रेड जायंट मूवीज की मदद से फिल्म का काम आगे बढ़ा। दो हिस्सों में बनाई गई फिल्म, तीसरे भाग को लेकर कमल हासन उत्साहित फिल्म की लंबाई अधिक होने के कारण निर्माताओं ने कहानी को दो हिस्सों में रिलीज करने का फैसला किया। इसी योजना के तहत ‘इंडियन 2’ और ‘इंडियन 3’ तैयार की गईं। कमल हासन ने भी पहले कहा था कि उन्हें दूसरे भाग की तुलना में तीसरे भाग को लेकर अधिक उत्साह है। अब नए पोस्टर के जारी होने के बाद फिल्म को लेकर चर्चा तेज हो गई है। हालांकि, निर्माताओं ने अभी फिल्म की रिलीज डेट की जानकारी साझा नहीं की है। दर्शकों को अब सेनापति की अगली वापसी और फिल्म के आधिकारिक अपडेट का इंतजार है। Share This Article Post navigation Durg Crime : फर्श के नीचे गाड़ रखे थे चोरी के गहने और नकदी, ज्वेलर्स ने भट्ठी में गलाए आभूषण…9 गिरफ्तार Metro Lover Release Date : नरेन वनपर्थी और साहिती अवंचा की रोमांटिक फिल्म 20 नवंबर को होगी रिलीज, पहला प्रोमो जारी