Indian Naval Academy EzhimalaIndian Naval Academy Ezhimala
Share This Article

एझिमाला, 28 नवंबर 2026। Indian Naval Academy Ezhimala : भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने आज 28 नवंबर को केरलम के एझिमाला स्थित भारतीय नौसेना अकादमी में ऑटम टर्म 2026 की पासिंग आउट परेड का निरीक्षण किया।

राष्ट्रपति ने भारतीय तटरक्षक बल तथा मित्र देशों के प्रशिक्षुओं सहित सभी प्रशिक्षुओं को अपना प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने पर बधाई दी।

उन्होंने कहा कि यह देखकर प्रसन्नता होती है कि प्रशिक्षण पूरा करने वाले प्रशिक्षुओं में अनेक बेटियां भी शामिल हैं। उनकी उपस्थिति पूरे राष्ट्र के लिए गर्व का विषय है।

राष्ट्रपति ने कहा कि उनकी उपलब्धियां अनेक अन्य युवा बेटियों को बड़े सपने देखने और राष्ट्र की सेवा में चुनौतीपूर्ण दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित करेंगी।

राष्ट्रपति ने कहा कि आज की परस्पर जुड़ी हुई दुनिया में समुद्री क्षेत्र का महत्व लगातार बढ़ता जा रहा है। वैश्विक व्यापार का एक बड़ा हिस्सा समुद्री मार्गों से होकर गुजरता है।

समुद्री मार्गों की सुरक्षा राष्ट्रों की आर्थिक खुशहाली और उनके नागरिकों के सामान्य जीवन से गहराई से जुड़ी हुई है। जहाजों की आवाजाही में किसी भी प्रकार का व्यवधान आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति को प्रभावित कर सकता है, लागत बढ़ा सकता है और अंततः जनता पर अतिरिक्त बोझ डाल सकता है।

उन्होंने प्रशिक्षुओं को यह याद रखने की सलाह दी कि समुद्र में उनकी सेवा का संबंध जमीन पर रहने वाले लोगों के जीवन से भी है और यह प्रत्‍यक्ष रूप में उनकी सुरक्षा, समृद्धि तथा खुशहाली में योगदान देती है।

राष्ट्रपति ने कहा कि युवा कैडेटों की सत्यनिष्ठा, पेशेवर दक्षता, साहस और संवेदनशीलता ही भारतीय नौसेना के स्‍वरूप को निर्धारित करेंगे।

उन्होंने कहा कि उन्हें अक्सर दबाव की परिस्थितियों में कठिन निर्णय लेने होंगे। उन्होंने कैडेटों को सलाह दी कि वे हमेशा यह याद रखें कि नेतृत्व का अर्थ केवल आदेश देना नहीं है, बल्कि जिम्मेदारी निभाना, स्वयं उदाहरण प्रस्तुत करना और अपने साथ सेवा करने वाले कर्मियों के साथ दृढ़ता से खड़े रहना भी है।

राष्ट्रपति ने कहा कि प्रत्येक नागरिक हमारी सशस्त्र सेनाओं की ओर विश्वास और गर्व के साथ देखता है। उन्होंने युवा कैडेटों से भारतीय नौसेना की सर्वोच्च परंपराओं को बनाए रखने का आग्रह किया।


Share This Article
Advertisement Carousel