Share This Article रायपुर, 18 सितंबर 2026। Infrastructure Mission : छत्तीसगढ़ में अधोसंरचना विकास को नई दिशा देने के लिए दीर्घकालिक योजना तैयार की जाएगी। छत्तीसगढ़ इन्फ्रास्ट्रक्चर मिशन के तहत प्रदेश की सड़क, ऊर्जा, ट्रांसमिशन, जल, सिंचाई, संचार, फाइबर नेटवर्क और अन्य जरूरी अधोसंरचना के समग्र विकास की कार्ययोजना बनाई जाएगी। इस संबंध में मंत्रालय महानदी भवन में मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में बैठक हुई। लोक निर्माण विभाग को मिशन का नोडल विभाग बनाया गया है। 20 साल के रोड नेटवर्क का बनेगा मास्टर प्लान बैठक में मुख्य सचिव ने प्रदेश के सड़क नेटवर्क के लिए आगामी 20 वर्षों का मास्टर प्लान तैयार करने के निर्देश दिए। इसमें मौजूदा अधोसंरचना की स्थिति, भविष्य की जरूरतों, कनेक्टिविटी की आवश्यकताओं और संभावित विकास क्षेत्रों का विस्तृत आकलन किया जाएगा। मास्टर प्लान के आधार पर परियोजनाओं की प्राथमिकता तय कर उन्हें चरणबद्ध तरीके से लागू करने की कार्ययोजना तैयार की जाएगी। इसका उद्देश्य प्रदेश में भविष्य की जरूरतों के अनुरूप मजबूत और बेहतर सड़क कनेक्टिविटी विकसित करना है। सड़क के साथ ऊर्जा और डिजिटल नेटवर्क पर भी फोकस मुख्य सचिव ने कहा कि प्रदेश के अधोसंरचना विकास को अलग-अलग क्षेत्रों में बांटकर नहीं, बल्कि एकीकृत दृष्टिकोण के साथ देखा जाना चाहिए। सड़क कनेक्टिविटी के साथ ऊर्जा, जल, सिंचाई, संचार और डिजिटल कनेक्टिविटी की जरूरतों का भी समग्र आकलन किया जाएगा। प्रत्येक क्षेत्र की मौजूदा स्थिति और भविष्य की आवश्यकता के आधार पर यह तय किया जाएगा कि आने वाले वर्षों में किस प्रकार की अधोसंरचना कहां विकसित की जानी है। इंटरमॉडल ट्रांसपोर्ट और लॉजिस्टिक्स हब की होगी तलाश प्रदेश में इंटरमॉडल ट्रांसपोर्ट और लॉजिस्टिक्स हब विकसित करने की संभावनाओं का भी अध्ययन किया जाएगा। मुख्य सचिव ने सड़क और रेल सहित विभिन्न परिवहन माध्यमों के बीच बेहतर कनेक्टिविटी विकसित करने के लिए जरूरी परियोजनाओं को चिन्हित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही माल परिवहन और लॉजिस्टिक्स व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया गया। अधोसंरचना परियोजनाओं के लिए नए फंडिंग मैकेनिज्म की संभावनाओं का अध्ययन करने और निजी एवं सार्वजनिक निवेश समेत विभिन्न वित्तीय विकल्पों पर विचार करने के निर्देश दिए गए। 20 साल की योजना के साथ हर साल का एक्शन प्लान मुख्य सचिव ने 20 वर्षीय मास्टर प्लान के साथ वार्षिक एक्शन प्लान तैयार करने के निर्देश भी दिए। इसमें हर वर्ष प्रस्तावित कार्यों, उनकी प्राथमिकता, जरूरी संसाधनों और समय-सीमा का स्पष्ट निर्धारण किया जाएगा। उन्होंने परियोजनाओं की बेहतर प्लानिंग और मैपिंग के साथ प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया। साथ ही देश के अन्य राज्यों में विकसित की जा रही आधुनिक अधोसंरचना परियोजनाओं का अध्ययन करने के लिए अधिकारियों के एक्सपोजर विजिट आयोजित करने को कहा, ताकि बेहतर तकनीक और कार्यप्रणाली को छत्तीसगढ़ की जरूरतों के अनुसार अपनाया जा सके। विभागों के बीच बेहतर समन्वय के साथ मिशन को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए गए। बैठक में मुख्यमंत्री एवं वाणिज्यिक कर और लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार, आवास एवं पर्यावरण विभाग के सचिव अंकित आनंद, नवा रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण के सीईओ चंदन कुमार सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। Share This Article Post navigation CG Cancer Screening : छत्तीसगढ़ में कैंसर अब Notifiable Disease: 17,611 केस दर्ज, हर मरीज की रिपोर्टिंग होगी अनिवार्य, एक महीने में देनी होगी जानकारी