रायपुर, 23 जुलाई 2026/ Jal Jeevan Mission: Incomplete tap-water projects to be completed by December 31 without fail…! Chief Secretary’s warning.
Jal Jeevan Mission : छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव विकासशील ने गुरुवार को मंत्रालय महानदी भवन में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सभी जिलों के कलेक्टरों के साथ हर घर नल (जल जीवन मिशन) की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि राज्य का लक्ष्य प्रत्येक परिवार तक सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण पेयजल पहुंचाना है और इस मिशन के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मुख्य सचिव ने कहा कि जल जीवन मिशन से न केवल हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचेगा, बल्कि महिलाओं का समय बचेगा, जलजनित बीमारियों में कमी आएगी और ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन को भी बढ़ावा मिलेगा।
मुख्य सचिव के बड़े निर्देश
- 31 अगस्त 2026 तक सभी पूर्ण एवं हस्तांतरित योजनाओं का 100% भौतिक सत्यापन कर भुगतान सुनिश्चित किया जाए।
- 31 दिसंबर 2026 तक सभी अधूरी नल-जल योजनाएं हर हाल में पूरी की जाएं।
- लापरवाही बरतने वाले ठेकेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
- जिला कलेक्टर हर महीने जल जीवन मिशन की समीक्षा बैठक करें।
- रनिंग बिलों का समय पर भुगतान सुनिश्चित किया जाए, ताकि निर्माण कार्य प्रभावित न हो।
जल संरक्षण पर भी विशेष जोर
मुख्य सचिव ने सभी जिलों को जल स्रोतों की पहचान, संरक्षण और रिचार्ज की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। जहां वर्तमान जल स्रोत पर्याप्त नहीं हैं, वहां वैकल्पिक स्रोत विकसित कर शीघ्र पेयजल उपलब्ध कराने को कहा गया।
गांव-गांव तक नल जल कवरेज का लक्ष्य
उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक गांव को इकाई मानकर 100 प्रतिशत ‘हर घर नल-जल’ कवरेज सुनिश्चित किया जाए। साथ ही जिला जल एवं स्वच्छता समिति की नियमित बैठकें आयोजित कर उनकी कार्यवाही विभागीय पोर्टल पर समय पर अपलोड करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के सचिव मोहम्मद कैसर अब्दुल हक, सभी जिलों के कलेक्टर और विभागीय अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए।
