Share This Article न्यू दिल्ली, 10 सितंबर 2026। Junior Asia Cup : भारतीय महिला हॉकी टीम ने जूनियर एशिया कप के क्वार्टर फाइनल में पाकिस्तान के खिलाफ ऐसा आक्रामक खेल दिखाया कि मुकाबला शुरू होने के कुछ ही मिनटों में एकतरफा नजर आने लगा। गत चैंपियन भारत ने गुरुवार को पाकिस्तान को 19-0 से करारी शिकस्त देकर सेमीफाइनल में धमाकेदार अंदाज में जगह बना ली। पूरे मुकाबले में भारतीय खिलाड़ियों का दबदबा रहा और पाकिस्तान की टीम लगातार दबाव में नजर आई। पहले हाफ में ही पाकिस्तान की हालत पस्त भारत ने सातवें मिनट में पूजा साहू के गोल से अपना खाता खोला। इसके बाद रोशनी ऐंद ने 9वें मिनट में बढ़त को 2-0 कर दिया। 11वें मिनट में तनुश्री दिनेश कडू और 13वें मिनट में सुखवीर कौर ने गोल दागे। इसी मिनट सानिका चंद्रकांत माने ने भी गोल कर पाकिस्तान की मुश्किलें और बढ़ा दीं। इसके बाद मधु सिदार ने 16वें मिनट, गीता यादव ने 18वें मिनट और सानिका माने ने 23वें मिनट में गोल किया। तनुजा टोप्पो और पूजा मलिक ने भी गोल कर दिए। पूर्णिमा यादव के 33वें मिनट के गोल के साथ भारत ने पहले हाफ में ही 10-0 की विशाल बढ़त हासिल कर ली। दूसरे हाफ में भी जारी रही गोलों की बारिश दूसरे हाफ में भी भारतीय टीम ने पाकिस्तान को वापसी का कोई मौका नहीं दिया। मधु सिदार ने 39वें मिनट में अपना दूसरा गोल किया, जबकि सुप्रिया ने 40वें मिनट में स्कोरशीट पर अपना नाम दर्ज कराया। इसके बाद पूजा मलिक ने 49वें और 51वें मिनट में लगातार गोल दागकर अपनी हैट्रिक पूरी की। कृष्णा शर्मा ने 48वें मिनट में गोल किया, जबकि सुप्रिया ने 54वें मिनट में अपना दूसरा गोल दागा। बिनीमा धन ने 55वें मिनट में गोल कर भारत का स्कोर 18 तक पहुंचाया। मुकाबले के आखिरी मिनट में रोशनी ऐंद ने अपना दूसरा गोल करते हुए भारत की जीत का अंतर 19-0 कर दिया। ग्रुप स्टेज में भी भारत का रहा दबदबा क्वार्टर फाइनल से पहले भारतीय टीम ने ग्रुप चरण में भी शानदार प्रदर्शन किया था। भारत ने जापान, मलेशिया और दक्षिण कोरिया को हराकर अपने ग्रुप में शीर्ष स्थान हासिल किया था। अब सेमीफाइनल में भारतीय टीम का सामना दक्षिण कोरिया और मलेशिया के बीच होने वाले क्वार्टर फाइनल के विजेता से होगा। भारतीय टीम की नजर अब लगातार तीसरी बार जूनियर महिला एशिया कप का खिताब जीतने पर है। भारत इससे पहले 2023 और 2024 में इस टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम कर चुका है। पाकिस्तान के खिलाफ 19-0 की ऐतिहासिक जीत ने साफ कर दिया है कि मौजूदा चैंपियन इस बार भी खिताब की प्रबल दावेदार है। भारत के गोल करने वाली खिलाड़ी भारत की ओर से पूजा साहू ने 7वें मिनट, रोशनी ऐंद ने 9वें और 60वें मिनट, तनुश्री दिनेश कडू ने 11वें मिनट, सुखवीर कौर ने 13वें मिनट, सानिका चंद्रकांत माने ने 13वें और 23वें मिनट, मधु सिदार ने 16वें और 39वें मिनट, गीता यादव ने 18वें मिनट, तनुजा टोप्पो ने 25वें मिनट, पूजा मलिक ने 27वें, 49वें और 51वें मिनट, पूर्णिमा यादव ने 33वें मिनट, सुप्रिया ने 40वें और 54वें मिनट, कृष्णा शर्मा ने 48वें मिनट और बिनीमा धन ने 55वें मिनट में गोल किया। Share This Article Post navigation जूनियर हॉकी एशिया कप : दक्षिण कोरिया पर 7-3 की जीत के साथ सेमीफाइनल के करीब टीम इंडिया