Share This Article वाराणसी, 28 नवंबर 2026। Kashi Tamil Sangamam 5.0 : काशी और तमिलनाडु के सदियों पुराने सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और सभ्यतागत रिश्तों को नई ऊंचाई देने के लिए काशी-तमिल संगमम का पांचवां संस्करण 28 नवंबर से वाराणसी में शुरू होने जा रहा है। भारत के उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 28 नवंबर को नमो घाट पर इस आयोजन का शुभारंभ करेंगे। केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समापन सत्र में शामिल होंगे। 12 दिसंबर तक चलने वाला यह संगम ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना को मजबूत करने के साथ उत्तर और दक्षिण भारत की साझा विरासत, भाषा, साहित्य और ज्ञान परंपरा को एक मंच पर लाएगा। तिरुक्कुरल की शिक्षाओं पर रहेगा विशेष जोर इस वर्ष काशी-तमिल संगमम 5.0 की थीम तिरुक्कुरल पर आधारित रखी गई है। आयोजन के दौरान तमिल के महान शास्त्रीय ग्रंथ तिरुक्कुरल के ज्ञान और शिक्षाओं को जन-जन तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया जाएगा। संत कवि तिरुवल्लुवर द्वारा रचित यह कालजयी ग्रंथ नैतिकता, जीवन-मूल्यों और आचरण की शिक्षा देता है। इसी दिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बीएचयू के भारत कला भवन में सीआईआई बनारस बिनाले-2026 का औपचारिक उद्घाटन भी करेंगे। मुख्यमंत्री बीएचयू के राधाकृष्णन हॉल में आयोजित एक कार्यक्रम में भी शामिल होंगे। तमिलनाडु से आएंगे 1,750 प्रतिनिधि काशी हिंदू विश्वविद्यालय और आईआईटी (बीएचयू) इस आयोजन के प्रमुख शैक्षणिक साझेदार हैं। दोनों संस्थान संगमम के अंतर्गत शैक्षणिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने के साथ उनके संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। इस बार तमिलनाडु से सात विविध समूहों के कुल 1,750 प्रतिनिधियों के आने का प्रस्ताव है। प्रत्येक समूह में 250 सदस्य होंगे। 29 नवंबर से 11 दिसंबर तक बीएचयू परिसर के विभिन्न स्थलों पर विशेष शैक्षणिक सत्र आयोजित किए जाएंगे। इन सत्रों में समूहों की विशेषताओं और रुचियों के अनुसार संवाद, चर्चा और ज्ञान साझा करने की गतिविधियां होंगी। कला, संगीत और सांस्कृतिक कार्यक्रमों से सजेगा संगमम आयोजन को आमजन और युवाओं तक पहुंचाने के लिए बीएचयू परिसर में कई जनसंपर्क और सांस्कृतिक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनमें समूह भजन, नुक्कड़ नाटक, लोक एवं शास्त्रीय संगीत, रंगोली, पोस्टर डिजाइन, कला इंस्टॉलेशन, मेहंदी, फोटोग्राफी, कैलिग्राफी और डिजिटल आर्ट जैसी गतिविधियां शामिल होंगी। कार्यक्रमों के सुचारु संचालन और प्रतिभागियों की सहायता के लिए 1,500 से अधिक छात्र स्वयंसेवकों का चयन किया गया है। विद्यार्थियों को तिरुक्कुरल से परिचित कराएंगे 50 शिक्षक काशी-तमिल संगमम की थीम को विद्यार्थियों तक पहुंचाने के लिए तमिलनाडु से हिंदी के जानकार 50 शिक्षक उत्तर प्रदेश आएंगे। ये शिक्षक वाराणसी, प्रयागराज और अयोध्या में विद्यार्थियों को तिरुक्कुरल की शिक्षाओं से परिचित कराएंगे। वाराणसी में 20, प्रयागराज में 15 और अयोध्या में 15 शिक्षक तैनात किए जाएंगे। इस पहल से लगभग 3,000 विद्यार्थियों के लाभान्वित होने की उम्मीद है। काशी हिंदू विश्वविद्यालय के कला संकाय के भारतीय भाषा विभाग के डॉ. जगदीशन इस अभियान के संचालन में सहयोग करेंगे। 1,000 शैक्षणिक संस्थानों तक पहुंचेगा तिरुक्कुरल का ज्ञान संगमम के तहत देशभर के 1,000 शैक्षणिक संस्थानों के एक-एक विद्यार्थी अपनी-अपनी भाषा में तिरुक्कुरल का अध्ययन करेंगे और इसके ज्ञान को अपने परिसर तक पहुंचाएंगे। इस अभियान के लिए काशी हिंदू विश्वविद्यालय को उत्तर प्रदेश का राज्य नोडल संस्थान नामित किया गया है। यह एक माह का कार्यक्रम 15 दिसंबर 2026 से शुरू होगा। युवाओं को प्रतिभा और संस्कृति दिखाने का मिलेगा अवसर काशी-तमिल संगमम 5.0 के नोडल अधिकारी प्रो. अंचल श्रीवास्तव और समन्वयक डॉ. उमेश सिंह के अनुसार, इस आयोजन से जुड़ी गतिविधियां युवाओं को अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता, बौद्धिक क्षमता और सांस्कृतिक समझ प्रदर्शित करने का अवसर देंगी। यात्रा कार्यक्रम में चार दिन आवागमन और चार दिन भ्रमण एवं सुव्यवस्थित कार्यक्रमों के लिए निर्धारित किए गए हैं। इस यात्रा में वाराणसी, प्रयागराज और अयोध्या को शामिल किया गया है। Share This Article Post navigation वह सिर्फ पति नहीं, मेरी पूरी दुनिया थे, पहली पुण्यतिथि पर धर्मेंद्र को याद कर भावुक हुईं हेमा मालिनी