कवर्धा गौरव पथ निर्माणकवर्धा गौरव पथ निर्माण
Share This Article

रायपुर, 8 दिसंबर 2025/ ETrendingIndia / कवर्धा शहर के विकास को नई ऊँचाई देते हुए उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने आज 10 करोड़ 73 लाख रुपये की लागत से बनने वाले बहुप्रतिक्षित राजनांदगांव बायपास (पिलारी नहर) से नवीन बाजार तक गौरव पथ निर्माण कार्य का विधिवत पूजा-अर्चना कर भूमिपूजन किया।

कवर्धा शहर अब तेज़ी से उस दिशा में आगे बढ़ रहा है, जहां आधुनिक सुविधाएं, सुदृढ़ सड़कें, बेहतर यातायात और सुनियोजित शहरी विकास की पहचान होंगे।

    उप मुख्यमंत्री ने कहा कि गौरव पथ केवल एक सड़क नहीं, बल्कि कवर्धा शहर के भविष्य को गति देने वाला विकास का मार्ग है। लोहारा रोड बायपास से नवीन बाजार तक बनने वाला यह मार्ग शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाएगा, व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ाएगा और शहर की सुंदरता को नई चमक देगा।

   उन्होंने बताया कि कवर्धा शहर में दो आधुनिक चौपाटियों का निर्माण किया जा रहा है। साथ ही भारत माता चौक से समनापुर तक 2 करोड़ 60 लाख रुपये की लागत से सड़क निर्माण कार्य स्वीकृत किया गया है। उन्होंने आगे बताया कि रायपुर, बिलासपुर एवं राजनांदगांव से कवर्धा आने वाले प्रवेश मार्ग का चौड़ीकरण तथा इसे फोर-लेन डिवाइडर युक्त सड़क के रूप में विकसित करने हेतु 54 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है। नया बस स्टैंड एवं मेडिकल कॉलेज को बेहतर कनेक्टिविटी प्रदान करने के लिए घोटिया रोड सहित गौरव पथ के दोनों मार्गों का उन्नयन किया जा रहा है।

  उपमुख्यमंत्री ने कहा कि कवर्धा को मेडिकल कॉलेज की एक बड़ी सौगात मिली है। इसके लिए 42 एकड़ भूमि आरक्षित कर ली गई है तथा लगभग सवा 300 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है। टेंडर प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है और निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ होगा। मेडिकल कॉलेज में 50 सीटों हेतु तैयारी की जा रही है और 60 पदों की स्वीकृति भी प्राप्त हो चुकी है। 

उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के लिए पिपरिया एवं तरेगांव में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हेतु 52–52 लाख रुपये की स्वीकृति मिली है। बच्चों के लिए 50-सीटर क्रिटिकल केयर अस्पताल, जिला अस्पताल की क्षमता 100 से बढ़ाकर 220 बिस्तर, तथा सीटी स्कैन सेवा प्रारंभ की गई है।

बोडला में सोनोग्राफी सेवा आरंभ की गई है। पिपरिया सहित दो स्थानों पर एंबुलेंस की सुविधा भी प्रारंभ की गई है।

  युवा कल्याण के क्षेत्र में  भोरमदेव विद्यापीठ निःशुल्क कोचिंग सेंटर संचालित किए जा रहे हैं। साढ़े 4 करोड़ रुपये की लागत से नालंदा परिसर का भूमिपूजन किया गया है। कवर्धा के प्राचीन बूढ़ा महादेव परिसर में कांवरिया श्रद्धालुओं हेतु सुविधाओं के निर्माण का कार्य किया जाएगा। भोरमदेव पर्यटन क्षेत्र के उन्नयन हेतु 146 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है। 

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रत्येक वार्ड और हर गली को स्वच्छ बनाने के लिए जनजागरण तथा सामुदायिक सहयोग अत्यंत महत्त्वपूर्ण है। उन्होंने निर्माण एजेंसियों को निर्देशित किया कि सभी कार्य गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी और समयबद्ध रूप से पूर्ण किए जाएं। SIR के संबंध में उन्होंने कहा कि इस कार्य में सभी का सजग रहकर सहयोग करना आवश्यक है।

  सांसद श्री संतोष पाण्डेय ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि वास्तव में आज कवर्धा शहर अभूतपूर्व विकास की दिशा में अग्रसर है। शहर में अटल परिसर का निर्माण, हनुमान जी का निर्धारित स्थल, बनने वाली आधुनिक चौपाटी, चमचमाती सड़कों का जाल, तथा मेडिकल कॉलेज को जोड़ने वाला बाईपास, ये सभी कवर्धा के लिए बड़ी उपलब्धियां हैं, जो नई सरकार के गठन के बाद संयुक्त प्रयासों का परिणाम है। 

सांसद श्री संतोष पांडे ने बताया कि चिकित्सा क्षेत्र में कवर्धा एक नया इतिहास लिखने जा रहा है, मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय 11 दिसंबर को मेडिकल कॉलेज निर्माण कार्य का भूमिपूजन करेंगे, जो कवर्धा के स्वास्थ्य सेवाओं में क्रांतिकारी बदलाव लाएगा।


Share This Article