Share This Article

रायपुर, 04 नवंबर 2026 / ETrendingIndia / छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले के खैरा गांव ने ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में देशभर के लिए मिसाल कायम की है। प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत गांव के सभी 141 घरों में सोलर पैनल लगाए गए हैं।

इसके साथ ही खैरा देश का पहला ऐसा गांव बन गया है, जहां शत-प्रतिशत घर रूफटॉप सोलर सिस्टम से जुड़ चुके हैं। खास बात यह है कि ग्रामीणों को इसके लिए एक रुपया भी खर्च नहीं करना पड़ा।

141 घरों में 282 किलोवाट बिजली उत्पादन की क्षमता

889 की आबादी वाले इस गांव के प्रत्येक घर में 2 किलोवाट क्षमता का सोलर सिस्टम लगाया गया है। इससे पूरे गांव की कुल सौर ऊर्जा उत्पादन क्षमता 282 किलोवाट हो गई है।

सब्सिडी और CSR से पूरा हुआ खर्च

सोलर सिस्टम लगाने का खर्च केंद्र और राज्य सरकार की सब्सिडी के साथ कंपनियों के कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) फंड से पूरा किया गया। नेट मीटरिंग व्यवस्था के तहत घरों में इस्तेमाल के बाद बची बिजली ग्रिड में भेजी जा सकेगी। इससे बिजली बिल में भी राहत मिलेगी।

महिलाओं ने घर-घर पहुंचाया सौर ऊर्जा का संदेश

इस उपलब्धि में पद्मश्री फुलबासन बाई यादव और महिला स्व-सहायता समूहों की अहम भूमिका रही। सूर्य सखियों ने ग्रामीणों को योजना, आवेदन और रखरखाव की जानकारी देकर उनकी आशंकाएं दूर कीं।

गांव के 93 प्रधानमंत्री आवास भी सौर ऊर्जा से जुड़ चुके हैं। अब जिला प्रशासन खैरा को आदर्श सोलर गांव के रूप में विकसित करने की तैयारी कर रहा है।


Share This Article
Advertisement Carousel