Share This Article भोपाल, 13 सितंबर 2026। Ladli Behna Yojana : मध्य प्रदेश की लाड़ली बहनों के लिए रविवार का दिन बड़ी सौगात लेकर आया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आगर-मालवा से लाड़ली बहना योजना की 40वीं किस्त जारी करते हुए प्रदेश की 1 करोड़ 25 लाख 10 हजार से अधिक महिलाओं के खातों में 1,835 करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि ट्रांसफर की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के साथ पट्टाधारियों, परिवहन और आगर-मालवा के विकास को लेकर भी कई बड़े ऐलान किए। लाड़ली बहना की 40वीं किस्त जारी मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सिंगल क्लिक के माध्यम से लाड़ली बहना योजना की 40वीं किस्त जारी की। इसमें आगर-मालवा जिले की 1 लाख 13 हजार से अधिक लाड़ली बहनें भी शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य महिलाओं को सिर्फ योजनाओं का लाभ लेने वाली नहीं, बल्कि आत्मनिर्भर और आर्थिक रूप से मजबूत बनाना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की बहनें अब केवल हितलाभ पाने वाली नहीं हैं, बल्कि अपना रोजगार और आय का साधन तैयार कर लाभ कमाने वाली बन रही हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश की 4 लाख से अधिक महिलाएं वित्तीय और तकनीकी सहायता के जरिए स्वरोजगार से जुड़कर उद्योगपति बनने की दिशा में आगे बढ़ रही हैं। 50 लाख से ज्यादा पट्टेदारों को मिलेगी मुफ्त रजिस्ट्री मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन योजना-2026 को लेकर बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के 50 लाख से अधिक ऐसे पट्टाधारियों, जिनके पास पट्टे तो हैं लेकिन उनकी रजिस्ट्री नहीं हुई है, सरकार उनकी पक्की रजिस्ट्री कराकर नि:शुल्क उपलब्ध कराएगी। उन्होंने कहा कि इन पट्टों की रजिस्ट्री का शुल्क सरकार अपने खजाने से वहन करेगी। मुख्यमंत्री के मुताबिक 17 सितंबर से इस दिशा में बड़ा अभियान शुरू किया जाएगा। 25 सितंबर से शुरू होगी मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा मुख्यमंत्री ने प्रदेश में मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा शुरू करने की भी घोषणा की। उन्होंने बताया कि 25 सितंबर यानी अनंत चतुर्दशी से प्रदेश की अपनी सुगम बस सेवा की शुरुआत होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि ये बसें गांवों, पंचायतों, कस्बों, ब्लॉक, तहसील और छोटे-बड़े नगरों तक पहुंचेंगी। उन्होंने बताया कि मध्य प्रदेश में करीब 5 लाख किलोमीटर का सड़क नेटवर्क है और वर्ष 2030 तक प्रदेश में 15 हजार से अधिक बसें चलाने का लक्ष्य रखा गया है। आगर-मालवा को 254 करोड़ के 50 विकास कार्यों की सौगात आगर-मालवा में मुख्यमंत्री ने जिले को 254 करोड़ रुपये से अधिक की लागत के 50 विकास कार्यों की सौगात दी। इनमें 226 करोड़ रुपये की लागत से 33 विकास कार्यों का भूमिपूजन और करीब 28 करोड़ रुपये की लागत से 17 विकास कार्यों का लोकार्पण शामिल है। मुख्यमंत्री ने लगभग 118 करोड़ रुपये की लागत वाली 3 सड़क परियोजनाओं और 19 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बनने वाले शासकीय विधि महाविद्यालय का भूमिपूजन भी किया। इसके साथ ही आगर में बड़ी गौशाला बनाने और जिले के हर खेत तक सिंचाई का पानी पहुंचाने की घोषणा की। 17 सितंबर को जलेंगे 58 लाख दीपक मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को लेकर भी प्रदेशवासियों से अपील की। उन्होंने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के पहले दिन 17 सितंबर को प्रदेश में एक साथ 58 लाख आशीर्वाद के दीपक जलाए जाएंगे। उन्होंने लाड़ली बहनों और सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों से अपील की कि वे 17 सितंबर को शाम 7 बजे अपने घरों और प्रतिष्ठानों में दीपक जलाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन पर आशीर्वाद दें। मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। लाड़ली बहना योजना महिलाओं के आत्मविश्वास, आत्मसम्मान और आत्मनिर्भरता का मजबूत आधार बन रही है। सरकार महिलाओं की आजीविका, स्वरोजगार और आर्थिक स्वावलंबन को बढ़ाने के लिए आगे भी लगातार काम करेगी। Share This Article Post navigation Sehore Chintaman Ganesh Temple : क्या यहां खुद प्रकट हुए थे भगवान गणेश…? 2 हजार साल पुरानी प्रतिमा का रहस्य; हर साल बदल जाता है मंदिर का नाम Human Rights Commission MP : मानवाधिकार आयोग के 32वें स्थापना दिवस पर CM मोहन यादव का बड़ा संदेश, बोले- अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति की आवाज भी उतनी ही अहम