Share This Article रायपुर, 01 सितम्बर2026/ ETrendingIndia / दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल ने रेल परिचालन को अधिक संरक्षित, तेज, पारदर्शी एवं कुशल बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए लाइव ट्रेन मॉनिटरिंग सिस्टम का शुभारंभ किया है। इसका शुभारंभ श्री तरुण प्रकाश, महाप्रबंधक, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे द्वारा 31 को किया गया। इस अवसर पर प्रधान मुख्य सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर श्री जी. पी. खुटे, प्रधान मुख्य परिचालन प्रबंधक श्री के.के.सिन्हा, मंडल रेल प्रबंधक, बिलासपुर श्री राकेश रंजन सहित दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। भारतीय रेल में अपनी तरह की पहली पहल दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल स्थित डिवीज़नल कंट्रोल में स्थापित लाइव ट्रेन मॉनिटरिंग सिस्टम भारतीय रेल में अपनी तरह की पहली पहल है। इस प्रणाली की प्रमुख विशेषता भारतीय रेल का सबसे बड़ा अल्ट्रा-नैरो-बेज़ल वीडियो वॉल है, जिसके माध्यम से ट्रेनों की आवाजाही एवं सिग्नलिंग की स्थिति का वास्तविक समय में व्यापक एवं स्पष्ट दृश्य प्राप्त किया जा सकता है। वास्तविक समय में ट्रेनों की निगरानी लाइव ट्रेन मॉनिटरिंग सिस्टम के माध्यम से रेल परिचालन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां एकीकृत एवं केंद्रीकृत रूप में उपलब्ध होती हैं। इस प्रणाली की प्रमुख विशेषताएं हैं— • ट्रेनों की आवाजाही एवं सिग्नलिंग स्थिति की वास्तविक समय में निगरानी। • मंडल के विभिन्न क्षेत्रों में ट्रेनों की स्वचालित निगरानी एवं ट्रैकिंग। • स्टेशनों के यार्ड एवं ब्लॉक खंडों का एकीकृत दृश्यांकन। • रेल परिचालन से संबंधित महत्वपूर्ण सूचनाओं का केंद्रीकृत प्रदर्शन। • परिचालन संबंधी निर्णय लेने में तेजी एवं बेहतर समन्वय। • नियंत्रण कार्यालय के अधिकारियों की परिस्थितिजन्य जागरूकता में वृद्धि। • संरक्षित, समयबद्ध एवं अधिक कुशल रेल परिचालन में सहयोग। बिलासपुर के 47 एवं रायपुर मंडल के 12 स्टेशनों की निगरानी लाइव ट्रेन मॉनिटरिंग सिस्टम के माध्यम से बिलासपुर मंडल के 47 स्टेशनों तथा रायपुर मंडल के 12 स्टेशनों में रेल परिचालन की निगरानी एवं दृश्यता को बेहतर बनाया गया है। इससे ट्रेनों के संचालन में बेहतर समन्वय स्थापित करने के साथ-साथ रेल परिचालन की संरक्षा एवं समयबद्धता को और मजबूत करने में मदद मिलेगी। तकनीक आधारित स्मार्ट रेल परिचालन यह अत्याधुनिक डिजिटल प्रणाली संरक्षित, स्मार्ट, पारदर्शी और अधिक कुशल रेल परिचालन की दिशा में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की तकनीक आधारित कार्यप्रणाली को और मजबूत करेगी तथा भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप रेल परिचालन को अधिक सक्षम बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। Share This Article Post navigation नेपालगंज रोड-नानपारा-बहराइच ब्रॉड गेज रेल खंड की शुरुआत : चार रेलगाड़ियों का विस्तार… नेपालगंज रोड तक , सीमावर्ती इलाकों में विकास को बढ़ावा मिलेगा मोदी के ‘व्यक्तिगत ध्यान’ से मजबूत हो रही भारत-रूस दोस्ती : पुतिन