Local Talent: CM Mohan Yadav emphasizes new employment opportunities in Tikamgarh...! Local products to gain national and international recognition.Local Talent
Share This Article

रायपुर, 21 अगस्त 2026/ Local Talent : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए उद्योग, व्यापार, कृषि और पशुपालन समेत सभी क्षेत्रों में स्थानीय संभावनाओं का प्रभावी उपयोग किया जाए। उन्होंने जिले के पारंपरिक कौशल और स्थानीय उत्पादों को प्रधानमंत्री के ‘वोकल फॉर लोकल’ के सिद्धांत के अनुरूप राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए रोडमैप तैयार करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री शुक्रवार को टीकमगढ़ में मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के अंतर्गत जिला विकास सलाहकार समिति की बैठक को संबोधित कर रहे थे।

स्थानीय संसाधनों से रोजगार बढ़ाने पर जोर

सीएम मोहन यादव ने कहा कि जिले की स्थानीय जरूरतों, उपलब्ध संसाधनों, पारंपरिक कौशल, नवाचारों और जनप्रतिनिधियों व विभिन्न हितधारकों के सुझावों को विकास कार्ययोजना में शामिल किया जाए। स्थानीय संभावनाओं को रोजगार और आर्थिक गतिविधियों के अवसरों में बदलने की दिशा में प्रभावी योजना तैयार करने पर उन्होंने जोर दिया।

मुख्यमंत्री ने नवीन उद्योग नीतियों और ऋण आधारित योजनाओं का लाभ लेने के लिए इच्छुक उद्यमियों को आगे आने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्थानीय स्तर पर किए जा रहे सफल प्रयासों और नवाचारों को चिन्हित कर योजनाबद्ध तरीके से लागू करने की बात कही।

पीतल की मूर्तियों और स्थानीय कला को मिलेगा बाजार

बैठक में टीकमगढ़ की स्थानीय कला और हुनर को बढ़ावा देने पर भी विशेष जोर दिया गया। मुख्यमंत्री ने पीतल की मूर्तियों सहित स्थानीय उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने और स्थानीय प्रतिभाओं को आर्थिक गतिविधियों से जोड़ने की दिशा में काम करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पादों को सही बाजार और पहचान मिलने से रोजगार के साथ जिले की अर्थव्यवस्था को भी गति मिल सकती है।

पशुपालन को लाभ का व्यवसाय बनाने पर जोर

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पशुपालन को किसानों और पशुपालकों के लिए लाभ का व्यवसाय बनाने पर भी विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने अधिक से अधिक दुग्ध उत्पादकों और गोपालकों को सहकारी क्षेत्र से जोड़ने के निर्देश दिए।

उन्होंने गौशालाओं में अच्छी नस्ल के पशुओं के संवर्धन और नस्ल सुधार के लिए समुचित प्रयास करने की बात कही। मुख्यमंत्री ने कहा कि अच्छी नस्ल की बछियों की उपलब्धता बढ़ने से गोपालकों को लाभ मिलेगा और कृषि के साथ पशुपालन भी आय का बेहतर माध्यम बन सकेगा।

कुंडेश्वर धाम से धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा

बैठक में टीकमगढ़ जिले की धार्मिक और पर्यटन संभावनाओं पर भी चर्चा हुई। कुंडेश्वर धाम के विकास और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ स्थानीय स्तर पर पर्यटन गतिविधियों को आर्थिक अवसरों से जोड़ने पर जोर दिया गया।

उद्योग से लेकर रोजगार तक बनेगी दीर्घकालीन कार्ययोजना

टीकमगढ़ जिला विकास सलाहकार समिति उद्योग, व्यापार, कृषि, जल संरचनाओं के संरक्षण, निर्यात, खनिज, पर्यावरण और रोजगार समेत विभिन्न क्षेत्रों में जिले की दीर्घकालीन विकास कार्ययोजना को लेकर सुझाव देगी। समिति स्थानीय परिस्थितियों, उपलब्ध संसाधनों और संभावनाओं के आधार पर विकास की प्राथमिकताएं निर्धारित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास केवल बड़े प्रोजेक्ट तक सीमित नहीं है। जनभागीदारी, सामुदायिक भावना और स्थानीय ज्ञान एवं अनुभव के प्रभावी उपयोग से भी विकास को नई गति दी जा सकती है। उन्होंने समाज के विकास कार्यों में सक्रिय भागीदारी, सामुदायिक विवाहों को प्रोत्साहन और सामाजिक-सांस्कृतिक आयोजनों को आपसी सौहार्द के साथ मनाने का आह्वान किया।

बैठक में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने जिले के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर सुझाव दिए। जिला प्रशासन समिति से प्राप्त सुझावों और अनुशंसाओं को विभिन्न विकास योजनाओं एवं कार्यों में शामिल करने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करेगा।


Share This Article