मछली पालन
मछली पालन
Share This Article

रायपुर, 09 जनवरी 2026/ ETrendingIndia / मछली पालन से आय , प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना भारत सरकार की एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसका उद्देश्य कम उत्पादकता वाले कृषि जिलों में खेती को लाभकारी बनाना है। इस योजना के तहत फसल विविधीकरण, सिंचाई व भंडारण सुविधाओं में सुधार और किसानों को आसान ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है।

दंतेवाड़ा जिले के कुआकोंडा विकासखंड के ग्राम समेली के किसान श्री हड़मा कोड़ोपी ने मछली पालन अपनाकर अपनी जिंदगी बदल ली है। पहले वे पारंपरिक तरीके से आधा एकड़ भूमि में मछली पालन करते थे, लेकिन प्रधानमंत्री धन-धान्य योजना और मछली पालन विभाग की तकनीकी मदद से उन्होंने आधुनिक तकनीक अपनाई।

विभागीय सहयोग से उन्होंने 0.10 हेक्टेयर क्षेत्र में पांड लाइनर तालाब का निर्माण कराया। इससे पानी का बेहतर संरक्षण हुआ, मछलियों की बढ़वार तेज हुई और रोगों की समस्या कम हुई। परिणामस्वरूप मछली उत्पादन में कई गुना वृद्धि हुई।

आज श्री कोड़ोपी को पुराने तालाब से लगभग एक लाख रुपये और पांड लाइनर तालाब से करीब दो लाख रुपये की वार्षिक आय हो रही है। कुल मिलाकर तीन लाख रुपये की सालाना आमदनी से उनके परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है। योजना के तहत उन्हें मछली बीज, उपकरण और आइस बॉक्स जैसी सुविधाएं भी मिलीं।