रायपुर, 11 जुलाई 2026/ ETrendingIndia / Madhya Pradesh State Triathlon Academy Selection Trials: Players displayed strong talent in swimming, cycling, and running. खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा मध्य प्रदेश की उभरती खेल प्रतिभाओं को विश्वस्तरीय प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से टैलेंट सर्च 2026 का आयोजन किया जा रहा है जिसके अंतर्गत मध्यप्रदेश राज्य ट्रायथलॉन अकादमी के प्रवेश के लिये चयन ट्रायल्स का सफल आयोजन 6 से 8 जुलाई 2026 तक भोपाल में किया गया।
तीन दिवसीय चयन प्रक्रिया टी.टी. नगर स्टेडियम, इंटरनेशनल स्टेडियम बरखेड़ा नाथू तथा प्रकाश तरण पुष्कर में संपन्न हुई, जिसमें खिलाड़ियों की शारीरिक क्षमता, तकनीकी दक्षता एवं सहनशक्ति का व्यापक मूल्यांकन किया गया।
तैराकी, साइक्लिंग और रनिंग में परखी गई खिलाड़ियों की संपूर्ण क्षमता
ट्रायथलॉन जैसे चुनौतीपूर्ण खेल की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए प्रतिभागियों का परीक्षण स्विमिंग, साइक्लिंग, रनिंग, फिजिकल फिटनेस एवं समग्र तकनीकी दक्षता के विभिन्न मानकों पर किया गया।
चयन समिति की निगरानी में पूरी प्रक्रिया पारदर्शी, निष्पक्ष एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप संपन्न हुई।
प्रदेश के 12 जिलों सहित दो राज्यों के खिलाड़ियों ने दिखाई भागीदारी
चयन ट्रायल्स में कुल 37 खिलाड़ियों ने भाग लिया, जिनमें 31 बालक एवं 6 बालिका खिलाड़ी शामिल रहे। मध्यप्रदेश के 12 जिलों के साथ उत्तरप्रदेश एवं महाराष्ट्र से भी खिलाड़ियों ने सहभागिता कर प्रतियोगिता को प्रतिस्पर्धात्मक बनाया।
यह सहभागिता प्रदेश की ट्रायथलॉन खेल के प्रति बढ़ती रुचि और विश्वास को दर्शाती है।
बुरहानपुर से सर्वाधिक प्रतिभागी, बालिका खिलाड़ियों की उल्लेखनीय भागीदारी
जिलावार सहभागिता में बुरहानपुर सर्वाधिक 7 खिलाड़ियों के साथ अग्रणी रहा, जिनमें 4 बालिका खिलाड़ी शामिल थीं। इसके अतिरिक्त भोपाल, शिवपुरी, रीवा, नर्मदापुरम, जबलपुर, इंदौर, ग्वालियर, राजगढ़, सतना, इटारसी एवं बैतूल सहित विभिन्न जिलों के खिलाड़ियों ने भी अपनी प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।
खिलाड़ियों के प्रदर्शन ने भविष्य की संभावनाओं को किया मजबूत
ट्रायल्स के दौरान अनेक खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट सहनशक्ति, तकनीकी कौशल, अनुशासन एवं प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता का प्रदर्शन किया। चयन समिति ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन को दीर्घकालीन विकास की दृष्टि से सकारात्मक बताते हुए इसे प्रदेश में ट्रायथलॉन खेल के उज्ज्वल भविष्य का संकेत माना।
पारदर्शी प्रक्रिया के बाद चयनित खिलाड़ियों की होगी अलग से घोषणा
तीन दिवसीय चयन प्रक्रिया सफलतापूर्वक संपन्न होने के बाद अब सभी खिलाड़ियों के प्रदर्शन का अंतिम मूल्यांकन एवं अनुमोदन किया जाएगा। चयनित खिलाड़ियों की सूची निर्धारित प्रक्रिया पूर्ण होने के पश्चात पृथक रूप से जारी की जाएगी।
खेल एवं युवा कल्याण विभाग का उद्देश्य प्रदेश के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण, आधुनिक खेल अधोसंरचना एवं विशेषज्ञ मार्गदर्शन उपलब्ध कराकर राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए तैयार करना है।
