Mahadev App CaseMahadev App Case
Share This Article

रायपुर, 14 नवंबर 2026। Mahadev App Case : महादेव ऑनलाइन बुक सट्टेबाजी ऐप के खिलाफ केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए देश के छह राज्यों में 33 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की है। जांच एजेंसी ने ऐप के पैनल संचालकों को निशाने पर लेते हुए कई स्थानों पर चल रहे ऑनलाइन सट्टेबाजी के पैनल ध्वस्त किए। कार्रवाई के दौरान मोबाइल फोन, डिजिटल उपकरण और आपत्तिजनक दस्तावेज जब्त किए गए हैं। शुरुआती जांच में म्यूल बैंक खातों और हवाला नेटवर्क के जरिए करोड़ों के लेनदेन से जुड़े अहम सुराग मिलने की बात सामने आई है।

सौरभ चंद्राकर से पूछताछ के बाद कार्रवाई

CBI की यह छापेमारी महादेव ऐप के प्रमुख प्रमोटरों में शामिल सौरभ चंद्राकर से पूछताछ के दौरान मिली जानकारियों के आधार पर की गई है। चंद्राकर को ओमान से प्रत्यर्पित किए जाने के बाद 1 नवंबर 2026 को गिरफ्तार किया गया था। रायपुर की विशेष CBI अदालत ने उसे आठ दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा था।

रिमांड के दौरान जांच अधिकारियों ने उससे ऐप के संचालन, भारत में फैले पैनल संचालकों के नेटवर्क और वित्तीय लेनदेन को लेकर पूछताछ की। इस दौरान उसे जांच में जुटाए गए दस्तावेजी और डिजिटल साक्ष्य भी दिखाए गए। पुलिस रिमांड पूरी होने के बाद 12 नवंबर को उसे विशेष अदालत में पेश किया गया, जहां से 19 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

विदेश से संचालन और भारत में फैला था पैनल नेटवर्क

CBI के मुताबिक, छत्तीसगढ़ सरकार से जांच हस्तांतरित होने के बाद महादेव ऑनलाइन बुक ऐप मामले में दो एफआईआर दर्ज की गई थीं। जांच में सामने आया है कि सट्टेबाजी प्लेटफॉर्म का संचालन विदेश से किया जा रहा था, जबकि भारत में पैनल संचालकों के माध्यम से इसका नेटवर्क काम कर रहा था।

पैनल संचालक ग्राहकों की आईडी बनाते थे और सट्टेबाजी की रकम ऐसे बैंक खातों में जमा कराते थे, जो दूसरे लोगों के नाम पर खोले गए थे या किराये पर लिए गए थे। ऐसे खातों को म्यूल बैंक अकाउंट कहा जाता है। जांच एजेंसी के अनुसार, सट्टेबाजी से हासिल मुनाफे को हवाला नेटवर्क के जरिए विदेश भेजा जाता था। अब CBI इस पूरे वित्तीय तंत्र और रकम के संग्रह से लेकर विदेश तक पहुंचाने की प्रक्रिया की पड़ताल कर रही है।

फरार आरोपियों और सरकारी अधिकारियों की भूमिका भी जांच के दायरे में

जांच एजेंसी की कार्रवाई केवल पैनल संचालकों तक सीमित नहीं है। CBI विदेश में मौजूद लोगों, नेटवर्क के संचालन में मदद करने वाले व्यक्तियों और संबंधित सरकारी अधिकारियों की भूमिका की भी जांच कर रही है। फरार आरोपियों को भारत लाने के लिए प्रत्यर्पण की प्रक्रिया भी जारी है।

बैंक खाता और सिम किराये पर देने वालों को चेतावनी

CBI ने आम लोगों को ऑनलाइन सट्टेबाजी और जुए से दूर रहने की चेतावनी दी है। जांच एजेंसी के मुताबिक, ऐसी गतिविधियों के लिए अपना बैंक खाता, सिम कार्ड या पहचान संबंधी दस्तावेज किसी दूसरे व्यक्ति को देना अथवा किराये पर उपलब्ध कराना भी अपराध है। इस तरह की गतिविधियों में शामिल पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति को कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है।


Share This Article
Advertisement Carousel