रायपुर 12 जनवरी 2026/ ETrendingIndia / National Commission for Women’s helpline 14490 activated for women’s safety / महिला सुरक्षा हेल्पलाइन 14490 , महिलाओं के विरुद्ध हिंसा, उत्पीड़न या किसी भी प्रकार की आपात स्थिति में सहायता प्रदान करने के लिए भारत सरकार के राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) द्वारा महिला हेल्पलाइन 14490 संचालित की जा रही है।
यह हेल्पलाइन देशभर की महिलाओं के लिए एक डिजिटल शिकायत पंजीकरण प्रणाली के रूप में कार्य करती है।
राष्ट्रीय महिला आयोग की वेबसाइट के अनुसार, संकटग्रस्त महिलाएं हेल्पलाइन नंबर 14490 पर कॉल कर अपनी शिकायत दर्ज करा सकती हैं। शिकायत प्राप्त होने के बाद आयोग संबंधित प्राधिकरणों जैसे पुलिस, वन स्टॉप सेंटर, अस्पताल या अन्य सक्षम विभागों से समन्वय कर त्वरित सहायता सुनिश्चित करता है।
इस हेल्पलाइन के माध्यम से महिलाओं को न केवल हिंसा से जुड़ी शिकायतों में मदद मिलती है, बल्कि केंद्र और राज्य सरकार की महिलाओं से संबंधित योजनाओं और सेवाओं की जानकारीऔर मनोवैज्ञानिक सहायता उपलब्ध कराई जाती है।
महिला हेल्पलाइन का संचालन राष्ट्रीय महिला आयोग, नई दिल्ली परिसर से किया जा रहा है। आयोग ने महिलाओं से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की हिंसा या संकट की स्थिति में बिना हिचक 14490 पर संपर्क करें और अपने अधिकारों एवं सुरक्षा के लिए उपलब्ध सेवाओं का लाभ उठाएं।
