MP Bulldozer Action: Major action following CM Mohan Yadav's visit to Sagar; bulldozers razed five encroachments belonging to accused involved in illegal liquor activities in Banda.MP Bulldozer Action
Share This Article

सागर/भोपाल, 10 सितंबर। MP Bulldozer Action : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के सागर दौरे के बाद बंडा अवैध शराब प्रकरण में जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। अवैध शराब से हुई मौतों के मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसके बाद प्रशासन ने बंडा क्षेत्र में आरोपियों के पांच अवैध अतिक्रमण ध्वस्त कर दिए।

पांच अवैध निर्माणों पर चला बुलडोजर

प्रशासन की कार्रवाई में मनीष लोधी के तीन, चंद्रभान राजपूत का एक और आशीष साहू का एक निर्माण ध्वस्त किया गया। नगर परिषद बंडा और पुलिस बल की संयुक्त टीम ने शासकीय भूमि पर कथित रूप से बनाए गए मकान, पक्की बिल्डिंग और गोदामों को जमींदोज किया। कार्रवाई के दौरान एसडीएम, तहसीलदार, नगर परिषद सीएमओ समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा।

अवैध शराब कारोबार से जुड़े आरोपियों पर कार्रवाई

जिला प्रशासन के अनुसार बंडा अवैध शराब प्रकरण में मुख्य आरोपी बताए जा रहे मनीष लोधी, चंद्रभान राजपूत और आशीष साहू द्वारा लंबे समय से शासकीय भूमि पर कब्जा कर निर्माण किए गए थे। प्रशासन का आरोप है कि इन अवैध संपत्तियों का इस्तेमाल अवैध शराब के कारोबार के लिए भी किया जा रहा था। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद प्रशासन ने इन अतिक्रमणों के खिलाफ कार्रवाई की।

नोटिस के 24 घंटे बाद प्रशासन का एक्शन

प्रशासन के मुताबिक बुलडोजर कार्रवाई से 24 घंटे पहले आरोपियों को नोटिस चस्पा कर अतिक्रमण के संबंध में स्पष्टीकरण मांगा गया था। निर्धारित समय-सीमा में कोई जवाब नहीं मिलने के बाद प्रशासन ने नियमानुसार अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। अचानक हुई इस कार्रवाई से क्षेत्र में प्रशासन की सख्ती का संदेश गया है।

अवैध शराब और माफिया के खिलाफ जारी रहेगा अभियान

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब, माफिया गतिविधियों और शासकीय भूमि पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद हुई इस कार्रवाई को बंडा अवैध शराब प्रकरण में प्रशासन की बड़ी कार्रवाई के तौर पर देखा जा रहा है।


Share This Article