MP NewsMP News
Share This Article

भोपाल, 30 सितंबर 2026। MP News : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि किसानों के कल्याण के लिए मध्यप्रदेश सरकार ने कृषक कल्याण वर्ष के दौरान कई जनहितैषी फैसले लिए हैं। बुधवार को मंत्रालय से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए उमरिया जिले में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव को संबोधित करते हुए उन्होंने किसानों को नई कृषि तकनीक अपनाने और सरकारी योजनाओं का लाभ लेने की अपील की।

दिन में 10 घंटे मिलेगी बिजली

मुख्यमंत्री ने कहा कि इसी सीजन से किसानों को दिन में 10 घंटे बिजली उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि उत्तम खेती के लिए पर्याप्त सिंचाई सुविधाएं जरूरी हैं और राज्य सरकार का लक्ष्य हर गांव और हर खेत तक सिंचाई के लिए पानी पहुंचाना है।

मुख्यमंत्री ने किसानों से धान और श्रीअन्न फसलों के उपार्जन के लिए समय पर पंजीयन कराने को कहा, ताकि उन्हें न्यूनतम समर्थन मूल्य का लाभ मिल सके।

उमरिया में शुरू होगी फूड प्रोसेसिंग यूनिट

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने के लिए नई कृषि तकनीक और खाद्य प्रसंस्करण को लगातार बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि उमरिया जिले में जल्द ही एक बड़ी फूड प्रोसेसिंग यूनिट शुरू होगी।

मुख्यमंत्री के अनुसार, इससे जिले में युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी तैयार होंगे। उन्होंने पंचायत स्तर पर दुग्ध संकलन समितियों के पंजीयन में तेजी लाने के निर्देश जिला प्रशासन को दिए।

गोपालन और प्राकृतिक खेती पर जोर

मुख्यमंत्री ने किसानों से गोपालन, दूध उत्पादन, खाद्य प्रसंस्करण, उद्यानिकी फसलों तथा जैविक और प्राकृतिक खेती को अपनाने की अपील की। उन्होंने कस्टम हायरिंग सेंटर और सोलर पंप जैसी योजनाओं का लाभ लेने के लिए भी किसानों को प्रोत्साहित किया।

उन्होंने जिला प्रशासन को किसान चौपाल आयोजित कर पात्र हितग्राहियों तक सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए।

ग्रामीण आबादी क्षेत्र में नि:शुल्क रजिस्ट्री

मुख्यमंत्री ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के तहत ग्रामीण आबादी क्षेत्र के अभिलेखों की नि:शुल्क रजिस्ट्री कराई जा रही है। किसानों और अन्य पात्र हितग्राहियों को स्वामित्व योजना का लाभ मिलने से संपत्ति की पक्की रजिस्ट्री उपलब्ध होगी।

उन्होंने कहा कि इस दस्तावेज का उपयोग हितग्राही बैंक लोन सहित अन्य आवश्यकताओं के लिए कर सकेंगे।

विद्यार्थियों को लैपटॉप, स्कूटी और साइकिल की सुविधा

मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षित और समृद्ध मध्यप्रदेश के लिए राज्य सरकार स्कूली विद्यार्थियों के लिए भी कई योजनाएं संचालित कर रही है। शासकीय स्कूलों के मेधावी विद्यार्थियों को लैपटॉप और स्कूटी दी गई हैं।

इसके अलावा प्राथमिक और माध्यमिक स्कूलों के बच्चों को नि:शुल्क किताबें, ड्रेस और साइकिलें वितरित की जा रही हैं। प्रदेश में सांदीपनि विद्यालय भी प्रारंभ किए गए हैं।

कार्यक्रम में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्रीमती संपतिया उइके, लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्यमंत्री श्री नरेंद्र शिवाजी पटेल, किसान मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष जयपाल सिंह चावड़ा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, किसान और स्थानीय लोग उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने उमरिया में मौजूद मंत्री नागर सिंह चौहान और पूर्व मंत्री मीना सिंह से भी संवाद किया।


Share This Article