Mungeli Scholarship: 30 female students in Mungeli received scholarships! Financial constraints will not halt their education; the trust provides ₹1.50 lakh annually.Mungeli Scholarship
Share This Article

मुंगेली, 12 सितंबर 2026/ Mungeli Scholarship : आर्थिक रूप से कमजोर एवं प्रतिभाशाली छात्राओं की शिक्षा को प्रोत्साहन देने के लिए श्रीमती रम्भा बाई रामलाल साव शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मुंगेली में छात्रवृत्ति वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। भवानी रामलाल साव धर्मादा ट्रस्ट की ओर से हायर सेकेंडरी कक्षाओं की 30 छात्राओं को छात्रवृत्ति प्रदान की गई।

30 छात्राओं को मिली छात्रवृत्ति

गरिमामय कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भवानी रामलाल साव धर्मादा ट्रस्ट के अध्यक्ष डॉ. विनय गुप्ता ने कहा कि बेटियां सम्मान और गौरव का प्रतीक हैं। आज बेटियां शिक्षा, समाजसेवा सहित हर क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि आर्थिक अभाव के कारण किसी प्रतिभाशाली बेटी की शिक्षा प्रभावित नहीं होनी चाहिए। इसके लिए समाज और संस्थाओं को आगे आकर सहयोग करना चाहिए। ट्रस्ट इसी भावना के साथ जरूरतमंद एवं प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को लगातार सहयोग प्रदान कर रहा है।

हर साल करीब ₹1.50 लाख की छात्रवृत्ति

विद्यालय के प्राचार्य कृष्णकुमार नवरंग ने बताया कि भवानी रामलाल साव धर्मादा ट्रस्ट की ओर से विद्यालय के आर्थिक रूप से कमजोर एवं प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के लिए हर वर्ष लगभग 1 लाख 50 हजार रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की जाती है। इस वर्ष हायर सेकेंडरी कक्षाओं की 30 छात्राओं को इसका लाभ मिला।

विद्यालय निर्माण में भी ट्रस्ट का सहयोग

प्राचार्य ने बताया कि विद्यालय के निर्माण में भी ट्रस्ट की ओर से भूमि एवं दान के माध्यम से महत्वपूर्ण सहयोग दिया गया है। ट्रस्ट द्वारा प्रत्येक वर्ष गणतंत्र दिवस और स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों को मिष्ठान भी वितरित किया जाता है। वर्तमान में ट्रस्ट के सहयोग से विद्यालय के मुख्य द्वार और सीढ़ी निर्माण का कार्य भी प्रगतिरत है।

शिक्षा में सहयोग से मजबूत होगा बेटियों का भविष्य

प्राचार्य कृष्णकुमार नवरंग ने ट्रस्ट के निरंतर सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि समाज के सक्षम लोगों और संस्थाओं द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में किया गया सहयोग विद्यार्थियों के भविष्य को मजबूत बनाने के साथ समाज में सकारात्मक बदलाव की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। कार्यक्रम का संचालन संजय सोनी ने किया। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्राएं और ट्रस्ट से जुड़े पदाधिकारी उपस्थित रहे।


Share This Article