रायपुर,1 फरवरी 2026/ ETrendingIndia / The Chief Minister witnessed the talents of differently-abled children in the remote forest area of Narayanpur and announced that he would gift them a bus/ नारायणपुर दिव्यांग बच्चों सम्मान , सुदूर वनांचल नारायणपुर जिले के गरांजी स्थित परीयना दिव्यांग आवासीय विद्यालय में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय का अचानक पहुंचना बच्चों के लिए यादगार पल बन गया।
विद्यालय के दिव्यांग और विशेष आवश्यकता वाले बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ मुख्यमंत्री का स्वागत किया। बच्चों ने स्वागत गीत, हनुमान चालीसा और बस्तर अंचल के पारंपरिक गीतों की सुंदर प्रस्तुति दी ।
मुख्यमंत्री ने बच्चों से खुलकर संवाद किया और उनके आत्मविश्वास, लगन और प्रतिभा की सराहना की। उन्होंने कहा कि शारीरिक सीमाएं सफलता में बाधा नहीं बनतीं, बल्कि मेहनत और विश्वास से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। बच्चों को आईएएस, आईपीएस जैसे उच्च पदों तक पहुंचने के लिए प्रेरित करते हुए उन्होंने कहा कि विशेष आवश्यकता वाले बच्चों में अपार क्षमता होती है।
बच्चों की मांग पर मुख्यमंत्री ने विद्यालय के लिए एक बस उपलब्ध कराने की घोषणा की। बच्चों के सवालों का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री ने अपने बचपन के अनुभव साझा किए और बताया कि उन्हें पिट्ठू और फुटबॉल जैसे खेल खेलना पसंद था। मुख्यमंत्री ने सभी बच्चों को चॉकलेट देकर आशीर्वाद भी दिया।
गौरतलब है कि जिला खनिज न्यास निधि से संचालित यह विद्यालय दिव्यांग बच्चों को समावेशी शिक्षा देकर उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य कर रहा है।
