Share This Article

सीहोर 12 अप्रैल 2026/ ETrendingIndia / ( रघुवर गोहिया की कलम से ) Nari Shakti Youth Parliament: Women youth present their views before MP, Prime Minister to address the event virtually / नारी शक्ति यूथ पार्लियामेंट कार्यक्रम , मध्य प्रदेश में युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत संचालित ‘मेरा युवा भारत (MY Bharat)’ कार्यक्रम के तहत युवाओं में लोकतांत्रिक मूल्यों, संवैधानिक समझ एवं राष्ट्र निर्माण के प्रति सक्रिय भागीदारी को बढ़ावा देने हेतु एक भव्य एवं सार्थक आयोजन किया गया।

भोपाल स्थित एलएनसीटी कॉलेज परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रदेश भर से आए युवा प्रतिभागियों विशेषकर महिला प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्रीमती संपतिया उइके द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया गया।

विशिष्ट अतिथियों के रूप में पैरालंपियन एवं अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित श्रीमती प्राची यादव, श्रीमती गुंजन चौकसे तथा श्री मनीष कौरव उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में अतिथियों का औपचारिक स्वागत राज्य निदेशक श्रीमती तारा पारगी एवं श्री मंगलराम जाखड़ द्वारा किया गया।

श्री जाखड़ ने स्वागत उद्बोधन में कार्यक्रम की पृष्ठभूमि, उद्देश्यों एवं युवाओं के लिए इसके महत्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए सभी प्रतिभागियों को इससे जुड़कर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने हेतु प्रेरित किया।

‘ नारी शक्ति यूथ पार्लियामेंट’

कार्यक्रम के प्रथम दिवस ‘नारी शक्ति यूथ पार्लियामेंट’ का आयोजन किया गया, जो इस पूरे आयोजन का मुख्य आकर्षण रहा।

‘ नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ पर युवाओं के विचार

इस विशेष सत्र में कुल 40 महिला प्रतिभागियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई और ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ जैसे महत्वपूर्ण विषय पर अपने विचार अत्यंत प्रभावशाली एवं तार्किक ढंग से प्रस्तुत किए।

प्रतिभागियों ने महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी, सामाजिक सशक्तिकरण, आर्थिक आत्मनिर्भरता एवं निर्णय प्रक्रिया में उनकी भूमिका पर गंभीर एवं विचारोत्तेजक चर्चा की।

यह विशेष सत्र संविधान (संशोधन) विधेयक, 2026 पर केंद्रित रहा, जो संविधान (106वां संशोधन) अधिनियम, 2023 — जिसे ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ के नाम से जाना जाता है — के प्रावधानों को आगे बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

लोकसभा एवं राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33% आरक्षण का प्रावधान

इस विधेयक के अंतर्गत लोकसभा एवं राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33% आरक्षण का प्रावधान किया गया है। साथ ही, लोकसभा की कुल सीटों की संख्या 816 तक बढ़ाने का प्रस्ताव भी इसमें शामिल है, जिससे महिलाओं के लिए आरक्षण का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा सके।

मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने महिला युवा संसद की सराहना करते हुए कहा कि भारत की आधी आबादी महिलाएं हैं, जो देश की आधी शक्ति का प्रतिनिधित्व करती हैं। किसी भी राष्ट्र की प्रगति में महिलाओं की भागीदारी अनिवार्य है। देश के प्रधानमंत्री द्वारा महिलाओं को 33% आरक्षण प्रदान करने हेतु लाया गया यह संशोधन बिल एक ऐतिहासिक एवं सराहनीय कदम है ।

उन्होंने महिलाओं की भूमिका को तीन प्रमुख क्षेत्रों—राजनीतिक, आर्थिक एवं सामाजिक—में सशक्त बनाने पर जोर दिया ।

कार्यक्रम में श्रीमती गुंजन चौकसे एवं श्रीमती प्राची यादव ने भी अपने विचार साझा करते हुए महिला सशक्तिकरण, खेल एवं अन्य क्षेत्रों में महिलाओं की उपलब्धियों तथा युवाओं की भूमिका पर प्रकाश डाला।

उन्होंने युवाओं को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने, आत्मविश्वास बनाए रखने एवं समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने हेतु सक्रिय रहने के लिए प्रेरित किया।

इस विशेष सत्र की एक महत्वपूर्ण विशेषता यह रही कि सदन का पूर्ण प्रतिनिधित्व महिलाओं द्वारा किया गया ।

कार्यक्रम का संचालन उप निदेशक सुश्री निक्की राठौर द्वारा प्रभावी ढंग से किया गया, जिससे पूरे आयोजन में अनुशासन, ऊर्जा एवं सहभागिता का उत्कृष्ट समन्वय देखने को मिला।

कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को ‘मेरा युवा भारत (MY Bharat)’ से जुड़ने, अपने कौशल का विकास करने तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने हेतु प्रेरित किया गया।

‘ बजट क्वेस्ट 2026’ में प्रधानमंत्री वर्चुअल माध्यम से युवाओं से संवाद करेंगे

कार्यक्रम के द्वितीय दिवस ‘बजट क्वेस्ट 2026’ का आयोजन किया जाएगा, जिसमें प्रधानमंत्री वर्चुअल माध्यम से युवाओं के साथ संवाद करेंगे। यह सत्र युवाओं को देश की आर्थिक नीतियों, बजट प्रक्रिया एवं विकास की दिशा में उनकी भूमिका को समझने का एक महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करेगा।

समग्र रूप से यह आयोजन युवाओं, विशेषकर महिला प्रतिभागियों के लिए एक प्रेरणादायक, ज्ञानवर्धक एवं सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ.