Share This Article रायपुर, 18 नवंबर 2026/ ETrendingIndia / प्राकृतिक चिकित्सा (नेचुरोपैथी) एक दवा-मुक्त और किफायती प्रणाली है जो आहार, उपवास, जल, मिट्टी, मालिश और प्राकृतिक जीवन के माध्यम से शरीर को स्वयं ठीक करने में मदद करती है। भारत 18 नवंबर को ‘राष्ट्रीय प्राकृतिक चिकित्सा दिवस’ मनाता है, और इसका 9वां संस्करण ‘प्राकृतिक चिकित्सा, स्वस्थ भारत’ विषय के तहत कर्नाटक के नागमंगला में आयोजित किया जाएगा। पुणे स्थित राष्ट्रीय प्राकृतिक चिकित्सा संस्थान ‘निसर्ग ग्राम’ चलाता है, जो 250 बिस्तरों वाला एक प्राकृतिक चिकित्सा अस्पताल है। साथ ही, यह केंद्र सरकार के अंतर्गत ‘बैचलर ऑफ नेचुरोपैथी एंड योगिक साइंसेज’ (बीएनवाईएस) का पहला कॉलेज भी है। प्रकृति से उपचार प्राकृतिक चिकित्सा एक सरल विचार पर आधारित है : शरीर में खुद को ठीक करने की ताकत होती है। कई संस्कृतियों की पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों से जुड़ी यह एक किफायती और दवा-मुक्त प्रणाली है, जिसमें स्वास्थ्य देखभाल और स्वस्थ जीवन के लिए प्राकृतिक चीजों का उपयोग किया जाता है। यह प्रकृति के पांच तत्वों—पृथ्वी, जल, वायु, अग्नि और आकाश—की मदद से शरीर की अपनी जीवन-शक्ति को बढ़ाकर काम करती है। प्राकृतिक चिकित्सा, प्राकृतिक उपचार की एक पद्धति है और साथ ही जीवन जीने का एक ढंग भी है। ‘प्रकृति की ओर लौटो’ यह ‘प्रकृति की ओर लौटो’ का आह्वान करती है: इसमें सादा खाना और जीवन जीने का तरीका तथा स्वयं, समाज और पर्यावरण के साथ संतुलित जीवन शामिल है। उपवास और आहार एक प्राकृतिक चिकित्सक (नेचुरोपैथ) प्रकृति की दी हुई चीजों से उपचार करते हैं : जैसे उपवास और आहार, हाइड्रोथेरेपी (पानी से उपचार), मड पैक, कोल्ड पैक, स्नान और मालिश। राष्ट्रीय प्राकृतिक चिकित्सा संस्थान के पुणे परिसर, ‘निसर्ग ग्राम’ में उपचार अनुभागों के अंतर्गत मैग्नेटोथेरेपी (चुंबक से उपचार), क्रोमोथेरेपी (रंग चिकित्सा) और फिजियोथेरेपी की सुविधा भी उपलब्ध है। इसके अलावा, यहां एक योग हॉल और सात्विक आहार केंद्र भी है। प्राकृतिक चिकित्सा किन रोगों में कारगर है प्राकृतिक चिकित्सा को पुरानी बीमारियों, एलर्जी, ऑटोइम्यून, शरीर के अंगों के क्षय से जुड़ी समस्याओं और तनाव से संबंधित विकारों में प्रभावी बताया गया है। पोषण, प्राकृतिक चिकित्सा और जीवनशैली में बदलाव को लेकर इसका महत्व फिर से बढ़ गया है, क्योंकि लोग जीवनशैली से जुड़े विकारों, मोटापे, तनाव और वृद्धावस्था में स्वस्थ जीवन पर अधिक ध्यान दे रहे हैं। स्वस्थ आहार, शारीरिक गतिविधि, पर्याप्त आराम और तनाव प्रबंधन सभी उम्र के लोगों के लिए निवारक स्वास्थ्य देखभाल में सहायक हो सकते हैं। प्राकृतिक चिकित्सा और योग भारतीय प्राकृतिक चिकित्सा में योग के साथ-साथ स्वास्थ्य और रोग को समझने की ‘पंचभूत’ जैसी प्राचीन भारतीय अवधारणाएं भी शामिल हैं। समय के साथ, यह एक संपूर्ण पद्धति के रूप में विकसित हुई है जो रोगों का उपचार और रोकथाम करती है और लोगों को प्रकृति के करीब रहकर स्वस्थ जीवन जीना सिखाती है। आयुर्वेद, यूनानी, सिद्ध, सोवा रिग्पा और होम्योपैथी के साथ-साथ, योग और प्राकृतिक चिकित्सा को भी ‘आयुष’ प्रणालियों में एक साथ शामिल किया गया है। प्राकृतिक चिकित्सा पर राष्ट्रीय सम्मेलन (2026) में, आयुष मंत्रालय ने दोहराया कि योग और प्राकृतिक चिकित्सा एक-दूसरे के पूरक हैं। सरकार ने इस संयोजन के इर्द-गिर्द एक पूरी व्यवस्था तैयार की है : एक ऐसी डिग्री जो प्राकृतिक चिकित्सा को योग विज्ञान के साथ जोड़ती है; दोनों के लिए एक अनुसंधान परिषद – ‘सेंट्रल काउंसिल फॉर रिसर्च इन योग एंड नेचुरोपैथी’ (सीसीआरवाईएन); चिकित्सकों का केंद्रीय पंजीकरण; और देश का पहला राष्ट्रीय प्राकृतिक चिकित्सा अस्पताल। प्राकृतिक चिकित्सा – स्वस्थ भारत 9वां राष्ट्रीय प्राकृतिक चिकित्सा दिवस 18 नवंबर 2026 काविषय ‘प्राकृतिक चिकित्सा, स्वस्थ भारत’ है, जो बीमारी से बचाव को प्राथमिकता देता है। इसमें संतुलित आहार, शारीरिक गतिविधि, योग और तनाव प्रबंधन पर जोर दिया गया है, साथ ही मोटापे को रोकने पर ध्यान केंद्रित किया गया है। श महात्मा गांधी और प्राकृतिक चिकित्सा प्राकृतिक चिकित्सा दिवस, महात्मा गांधी के प्रकृति चिकित्सा के संकल्प को समर्पित है। 18 नवंबर 1945 को, वे पुणे स्थित ऑल इंडिया नेचर क्योर फाउंडेशन ट्रस्ट के आजीवन अध्यक्ष बने और उन्होंने इसकी डीड पर हस्ताक्षर किए। गांधी जी को भारत में प्राकृतिक चिकित्सा का संस्थापक माना जाता है। 1946 में, उन्होंने पुणे के पास उरुली कंचन नामक गांव में प्राकृतिक चिकित्सा अभियान का नेतृत्व किया। उन्होंने लिखा: “मेरा मानना है कि जहां व्यक्तिगत, घरेलू और सार्वजनिक स्वच्छता के नियमों का सख्ती से पालन किया जाता है, और आहार व व्यायाम के मामले में उचित सावधानी बरती जाती है, वहां बीमारी या रोग के लिए कोई गुंजाइश नहीं होनी चाहिए। जहां पूर्ण आंतरिक और बाहरी पवित्रता हो, वहां बीमारी का होना असंभव है। यदि गांव के लोग इस बात को समझ लें, तो उन्हें डॉक्टरों, हकीमों या वैद्यों की ज़रूरत ही नहीं पड़ेगी।” (हरिजन, 26 मई 1946) राष्ट्रीय प्राकृतिक चिकित्सा संस्थान और निसर्ग ग्राम पुणे स्थित राष्ट्रीय प्राकृतिक चिकित्सा संस्थान (एनआईएन) की स्थापना 22 दिसंबर 1986 को हुई। यह उस नेचर क्योर सेंटर में स्थित है, जिसे 17 मार्च 1975 को भारत सरकार को सौंपा गया। प्राकृतिक चिकित्सा और योग के क्षेत्र में मौजूदा ज्ञान के मानकीकरण और प्रसार के लिए सुविधाएं प्रदान करना और उन्हें प्रोत्साहित करना; नेचर क्योर यूनिवर्सिटी की स्थापना करके प्राकृतिक चिकित्सा और योग में गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण और शिक्षा को बढ़ावा देना; मानव स्वास्थ्य के सभी पहलुओं पर अनुसंधान करना, सुविधा प्रदान करना और प्रोत्साहित करना; और महात्मा गांधी का एक जीवंत स्मारक स्थापित करना। एनआईएन सामान्य जरूरतों के लिए विशेष बाह्य रोगी विभाग (ओपीडी) क्लीनिक चलाता है जिसमें प्रसव पूर्व और पश्चात स्वास्थ्य के लिए ‘मैटरनल केयर ओपीडी’; आहार, योग और जीवनशैली में बदलाव के माध्यम से काम करने वाली ‘डायबिटीज ओपीडी’; तथा तनाव और चिंता के लिए योग, ध्यान और रिलैक्सेशन के माध्यम से काम करने वाली ‘माइंड-बॉडी मेडिसिन ओपीडी’ शामिल है। निसर्ग ग्राम 25 फरवरी 2024 को प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने पुणे में राष्ट्रीय प्राकृतिक चिकित्सा संस्थान (एनआईएन) के नए परिसर ‘निसर्ग ग्राम’ का उद्घाटन किया। 25 एकड़ में फैले और 213.55 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित इस परिसर में 250 बिस्तरों वाला अस्पताल, अनुसंधान एवं विस्तार सेवा केंद्र तथा स्नातक, स्नातकोत्तर और पैरामेडिकल पाठ्यक्रमों के लिए एक नेचुरोपैथी मेडिकल कॉलेज शामिल है। यह देश का पहला राष्ट्रीय प्राकृतिक चिकित्सा अस्पताल है, जहां जीवनशैली संबंधी चयापचय (मेटाबॉलिक) विकारों का प्राकृतिक उपचार किया जा सकता है। निसर्ग ग्राम एक नजर में परिसर: 25 एकड़, येवलेवाडी, पुणेलागत: 213.55 करोड़ रुपयेअस्पताल: 250 बिस्तर, पहला राष्ट्रीय प्राकृतिक चिकित्सा अस्पतालकॉलेज: नेचुरोपैथी मेडिकल कॉलेज, वर्ष 2026-27 में 100 बीएनवाईएस सीटों के साथसुविधाएं: योग हॉल, सात्विक आहार केंद्र, हाइड्रोथेरेपी, मैग्नेटोथेरेपी, क्रोमोथेरेपी, मालिश और फिजियोथेरेपी। जनजातीय समुदायों तक पहुंचना महाराष्ट्र सरकार के जनजातीय विकास विभाग के सहयोग से, एनआईएन ने पुणे जिले के आंबेगांव तालुका के गोहे (बुद्रुक) में जनजातीय लोगों के लिए ‘निसर्ग आरोग्य साधना केंद्र’ की स्थापना की है। यह पूरी तरह से सुसज्जित योग और प्राकृतिक चिकित्सा अस्पताल है। इस यूनिट में 20 बिस्तर हैं, पुरुषों और महिलाओं के लिए अलग-अलग वार्ड हैं, एक योग हॉल है और एक आहार केंद्र है। प्राकृतिक चिकित्सा प्रकृति के साथ तालमेल बिठाकर जीने पर जोर देती है। यह बात जनजातीय समुदायों के साथ मेल खाती है; प्रकृति के प्रति उनके ज्ञान और उनके तालमेल को हर साल ‘जनजातीय गौरव दिवस’ पर मान्यता दी जाती है। यह दिवस 15 नवंबर को मनाया जाता है, जो भगवान बिरसा मुंडा की जयंती है। सरकार इस दिशा में काम कर रही है। बीएनवाईएस डिग्री एनआईएन देश का पहला केंद्रीय सरकारी संस्थान है जो नई दिल्ली स्थित केंद्रीय विश्वविद्यालय, ‘श्री लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय’ से संबद्ध होकर ‘बैचलर ऑफ नेचुरोपैथी एंड योगिक साइंसेज’ (बीएनवाईएस) प्रोग्राम चलाता है। बीएनवाईएस का छात्र साढे पांच साल तक परिसर में रहता है: इसमें साढ़े चार साल का शैक्षणिक और नैदानिक प्रशिक्षण होता है, जिसके बाद एक साल की अनिवार्य रोटेटरी रेजिडेंशियल इंटर्नशिप पूरी करनी होती है। शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए ‘निसर्ग ग्राम’ में 100 सीटें उपलब्ध हैं, और कक्षाएं 30 नवंबर 2026 से शुरू होंगी। 1 अप्रैल 2024 तक, देश भर में 71 प्राकृतिक चिकित्सा स्नातक कॉलेजों में 5,214 छात्रों की प्रवेश क्षमता थी, जबकि 6 स्नातकोत्तर कॉलेजों में 144 छात्रों की क्षमता थी। 1 जनवरी 2024 तक, 5,083 प्राकृतिक चिकित्सा चिकित्सक राज्य बोर्डों और परिषदों में पंजीकृत थे। केंद्रीय पंजीकरण (सेंट्रल रजिस्ट्रेशन)आयुष मंत्रालय के अधीन एनआईएन द्वारा स्थापित नेचुरोपैथी रजिस्ट्रेशन बोर्ड (एनआरबी) प्राकृतिक चिकित्सा चिकित्सकों का केंद्रीय पंजीकरण करता है और संस्थानों तथा अस्पतालों को मान्यता देता है। स्व-देखभाल के लिए पाठ्यक्रम एनआईएन अल्प अवधि के कौशल विकास पाठ्यक्रम भी संचालित करता है। एक्यूप्रेशर, प्राकृतिक चिकित्सा और प्राकृतिक चिकित्सा पाक-कला के पाठ्यक्रम मुख्य रूप से स्व-सहायता के लिए होते हैं, ताकि लोग ‘स्व-स्वास्थ्य आत्मनिर्भरता’ के ध्येय वाक्य के तहत स्वयं का और अपने परिवार के स्वास्थ्य का ध्यान रख सकें। मालिश, फिटनेस ट्रेनिंग और योग के पाठ्यक्रम लोगों को पेशेवर रूप से आत्मनिर्भर बनने में मदद करते हैं। Share This Article Post navigation Kulgam Terrorist Encounter : जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में लश्कर का आतंकी लतीफ भट ढेर, मस्जिद में छिपा था, सरेंडर से किया इनकार एक शहीद का घर मेरे लिए सबसे बड़ा मंदिर और तीर्थस्थल है – जम्मू-कश्मीर उपराज्यपाल