Share This Article भोपाल, 17 नवंबर 2026। Neemuch Mandsaur : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि नीमच-मंदसौर जिले के गांधीसागर में हाइड्रो पम्प्ड स्टोरेज प्रोजेक्ट के शुभारंभ से मध्यप्रदेश को बड़ी उपलब्धि मिलने वाली है। यह पूरे एशिया महाद्वीप में अपनी तरह की पहली और सबसे बड़ी परियोजना है। इससे गांधीसागर बांध में वर्तमान में बन रही बिजली से बीस गुना अधिक विद्युत उत्पादन होगा। इस परियोजना से 2,000 मेगावाट बिजली का उत्पादन होगा। लगभग 12 हजार करोड़ रुपए के निवेश से तैयार हुई इस पम्प्ड हाइड्रो स्टोरेज परियोजना से हजारों लोगों को रोजगार मिलेगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मंदसौर-नीमच क्षेत्र को एक इंडस्ट्रियल पार्क की बड़ी सौगात भी मिलने जा रही है। राज्य सरकार बुधवार को गांधीसागर में डेस्टिनेशन कैबिनेट करने जा रही है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मंगलवार को नीमच जिले के मनासा में 272 करोड़ रुपए की लागत के 111 विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण कर नीमच जिलेवासियों को दीपावली की सौगात दी। कार्यक्रम में उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेशवासियों को गोपाष्टमी की शुभकामनाएं दीं। पीक आवर्स में बिजली की मांग को पूरा करेगी पम्प्ड स्टोरेज परियोजना मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश के पश्चिमी क्षेत्र में मंदसौर और नीमच जिले के गांधीसागर में निर्मित अद्भुत पम्प्ड स्टोरेज परियोजना से डिमांड अधिक होने पर बिजली जल्दी बनेगी। इससे क्षेत्र के उद्योग, व्यापार-व्यवसाय, खेती और अन्य आवश्यकताओं के लिए पर्याप्त मात्रा में बिजली मिलेगी और इसका मूल्य भी बहुत कम होगा। पम्प्ड स्टोरेज प्रोजेक्ट की खास बात यह है कि इसमें दो बड़े वॉटर टैंक तैयार किए गए हैं, जिनमें एक ऊपर और दूसरा थोड़ा नीचे स्थित है। इन दोनों वॉटर टैंक के बीच पानी के ऊपर-नीचे जाने से बिजली उत्पन्न होगी। जब बिजली की मांग अधिक होती है, यानी पीक आवर्स के दौरान, तब ऊपर के टैंक में जमा पानी को तेजी से नीचे लाकर टरबाइन के जरिए बिजली बनाई जाएगी। इससे राज्य को पीक आवर्स में भी पर्याप्त बिजली उपलब्ध हो सकेगी। यह परियोजना ऊर्जा सुरक्षा, आधुनिक तकनीक, नवीकरणीय ऊर्जा के बेहतर उपयोग और मध्यप्रदेश के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि होगी। प्रदेश में चीतों का नया घर बना गांधीसागर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि गांधीसागर प्रदेश में चीतों का नया घर बन गया है। इससे राज्य के वन एवं वन्यजीव पर्यटन को नई गति मिली है। गांधीसागर बांध में केज कल्चर तकनीक से मत्स्य पालन को प्रोत्साहित किया गया है। इससे हमारे मछुआरे भाई-बहनों की समृद्धि का मार्ग खुला है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने आमजनों की सहूलियत के लिए मुख्यमंत्री सुगम परिवहन बस सेवा की शुरुआत की है, जिससे गांव-गांव तक ग्रामीण आबादी को बड़ा लाभ होगा। राज्य सरकार ने अगले दो साल में 15 हजार से अधिक नई बसें चलाने की योजना बनाई है। बहुत जल्द नीमच और मंदसौर जिले को हवाई सेवा से भी जोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि नीमच जिले से समग्र विकास के लिए सभी जरूरी कार्यों को पूरा किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि नीमच जिले में इस साल बारिश सामान्य से थोड़ी कम हुई है। किसान कल्याण वर्ष में राज्य सरकार सदैव हमारे अन्नदाताओं के साथ खड़ी है। मुख्यमंत्री ने नीमच कलेक्टर को फसलों का सर्वे कराने और किसानों को समुचित मुआवजा राशि वितरित करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम को मनासा विधायक श्री अनिरुद्ध माधव सिंह मारू ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर मंदसौर-नीमच-जावरा लोकसभा क्षेत्र के सांसद श्री सुधीर गुप्ता, राज्यसभा सदस्य श्री बंशीलाल गुर्जर, पूर्व मंत्री एवं विधायक श्री ओमप्रकाश सखलेचा, विधायक श्री दिलीप सिंह परिहार, श्री सज्जन सिंह सहित क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीयजन उपस्थित थे। Share This Article Post navigation MP Tribal Development : बिरसा मुंडा जयंती पर जनजातीय गौरव सप्ताह शुरू, जबलपुर को 133.05 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात