New Naveli Trailer New Naveli Trailer
Share This Article

मुंबई, 4 अक्टूबर 2026। New Naveli Trailer : अभिनेत्री यामी गौतम की आगामी फिल्म ‘नई नवेली’ का आधिकारिक ट्रेलर जारी कर दिया गया है। बालाजी मोह के निर्देशन में बनी यह फिल्म हॉरर और कॉमेडी का मिश्रण है, जिसमें डरावने घटनाक्रम के साथ हास्य का तड़का देखने को मिलेगा। फिल्म का निर्माण आनंद एल. राय की कंपनी कलर येलो और अमेजन एमजीएम स्टूडियोज ने मिलकर किया है। फिल्म की पटकथा हिमांशु शर्मा और दिव्य निधि शर्मा ने लिखी है।

नई बहू के किरदार में यामी गौतम

फिल्म में यामी गौतम एक साधारण परिवार की नई-नई आई बहू की भूमिका निभा रही हैं। शुरुआत में उनका किरदार सामान्य और घरेलू नजर आता है, लेकिन कहानी आगे बढ़ने के साथ उनके व्यक्तित्व का रहस्यमय और डरावना पहलू सामने आने लगता है।

ट्रेलर में यामी का किरदार ‘डायन भाभी’ के रूप में नजर आता है, जो परिवार के सदस्यों के साथ-साथ दर्शकों के लिए भी कई सवाल खड़े करता है।

मेरठ की पृष्ठभूमि में बुनी गई कहानी

‘नई नवेली’ की कहानी मेरठ की पृष्ठभूमि पर आधारित है। फिल्म में एक परिवार के घर नई बहू के आने के बाद घटनाओं का सिलसिला बदलने लगता है। शुरुआत में यामी का किरदार परिवार की कई परेशानियां दूर करता दिखाई देता है और घर का माहौल बेहतर होने लगता है।

हालांकि, कुछ समय बाद उसका देवर अपनी भाभी के व्यवहार और गतिविधियों को लेकर संदेह करने लगता है। उसे महसूस होता है कि उसकी भाभी कोई साधारण इंसान नहीं है और उसके पीछे किसी अलौकिक शक्ति से जुड़ा रहस्य हो सकता है।

डर, कॉमेडी और रावण वध का प्रसंग

ट्रेलर में हॉरर और कॉमेडी के साथ कई रहस्यमय दृश्य दिखाए गए हैं। कहानी में अलौकिक शक्तियों के अलावा रावण वध का प्रसंग भी जोड़ा गया है। ट्रेलर के कई दृश्य फिल्म की कहानी को लेकर रोमांच और जिज्ञासा बढ़ाते हैं।

16 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज

फिल्म में यामी गौतम के साथ आदित्य कुलश्रेष्ठ, सुनीता राजवार और मीता वशिष्ठ समेत कई कलाकार महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे। जारी जानकारी के मुताबिक ‘नई नवेली’ 16 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। ट्रेलर रिलीज होने के बाद अब दर्शकों की नजर यामी गौतम के रहस्यमय ‘डायन भाभी’ किरदार और फिल्म की पूरी कहानी पर है।


Share This Article