Share This Article रायपुर, 13 अक्टूबर 2026 / ETrendingIndia / धान कटाई के सीजन में पराली जलाने से होने वाले वायु प्रदूषण को रोकने के लिए केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने उच्च स्तरीय बैठक कर राज्यों को युद्ध स्तर पर कार्रवाई के निर्देश दिए। सरकार का जोर पराली को जैविक खाद, बिजली, बायो-सीएनजी और पशु चारे में बदलकर किसानों की आय बढ़ाने पर है। साथ ही, पराली प्रबंधन की मशीनों का पूरा उपयोग और खेतों में सख्त निगरानी सुनिश्चित करने को कहा गया है। हरियाणा और यूपी में पराली जलाने की घटनाएं घटीं कृषि मंत्रालय के अनुसार, 15 सितंबर से 12 अक्टूबर 2026 के बीच पिछले वर्ष की तुलना में हरियाणा में पराली जलाने की घटनाओं में 53.3% और उत्तर प्रदेश में करीब 32% की कमी आई है। वहीं, मध्य प्रदेश और राजस्थान में घटनाएं बढ़ने पर चिंता जताई गई। दोनों राज्यों को प्रभावित जिलों में विशेष कार्ययोजना लागू करने के निर्देश दिए गए। 3.54 लाख से अधिक मशीनें उपलब्ध केंद्र सरकार अब तक राज्यों को फसल अवशेष प्रबंधन के लिए 3.54 लाख से अधिक मशीनें उपलब्ध करा चुकी है। चालू वित्त वर्ष 2026-27 में 26,109 नई मशीनें दी गई हैं। शिवराज सिंह चौहान ने पुरानी मशीनों की मरम्मत कराने और छोटे किसानों को किराये पर सस्ती मशीनें उपलब्ध कराने पर जोर दिया। पराली से बढ़ेगी किसानों की कमाई पराली को खेत में मिलाकर जैविक खाद बनाने के साथ बिजली उत्पादन, बायो-सीएनजी और बायो-इथेनॉल उद्योगों में इस्तेमाल करने की योजना है। सूखे क्षेत्रों में इसे पशु चारे के रूप में भी उपयोग करने के निर्देश दिए गए हैं। सरकार का लक्ष्य पराली को किसानों के लिए अतिरिक्त आय का साधन बनाना है। राज्यों को मिले ₹4,266 करोड़ से अधिक फसल अवशेष प्रबंधन योजना के तहत 2018-19 से 2025-26 तक केंद्र सरकार राज्यों को ₹4,266.47 करोड़ जारी कर चुकी है। वर्ष 2026-27 के लिए ₹592.57 करोड़ आवंटित किए गए हैं, जिनमें से ₹430.87 करोड़ जारी हो चुके हैं। पंजाब से पिछली राशि का उपयोगिता प्रमाणपत्र जल्द भेजने को कहा गया है, ताकि अगली किस्त जारी की जा सके। खेतों में उतरकर निगरानी करेंगे अधिकारी पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने पंजाब और हरियाणा के संवेदनशील जिलों में निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दोपहर 3 बजे के बाद उपग्रह निगरानी में आने वाले अंतराल के दौरान भी ग्राउंड पेट्रोलिंग और फ्लाइंग स्क्वॉड सक्रिय रहें। Share This Article Post navigation Train Cancelled News : मुंबई रेल मंडल में ब्लॉक के चलते हावड़ा-मुंबई दुरंतो एक्सप्रेस रद्द, यात्रा से पहले देखें तारीख भारतीय नौसेना के बेड़े में शामिल होगा …स्वदेश निर्मित बहुउद्देश्यीय युद्धपोत “समर्थक”