PM Janman YojanaPM Janman Yojana
Share This Article

भोपाल, 25 नवंबर 2026। PM Janman Yojana : मध्यप्रदेश के राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा है कि प्रधानमंत्री जनमन योजना और धरती आबा ग्राम उत्कर्ष योजना की सफलता के लिए केवल एक विभाग का प्रयास पर्याप्त नहीं है। लक्षित जनजातीय समुदायों के विकास के लिए सभी विभागों को मिलकर काम करना होगा। उन्होंने योजनाओं के तहत हो रहे कार्यों की गुणवत्ता की निगरानी को पंचायत पदाधिकारियों, तहसीलदारों, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों और संबंधित विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों की सामूहिक जिम्मेदारी बताया।

राज्यपाल बुधवार को लोकभवन के संदीपनी सभाकक्ष में आयोजित बैठक को संबोधित कर रहे थे। जनजातीय प्रकोष्ठ के तत्वावधान में हुई इस बैठक में प्रधानमंत्री जनमन योजना और धरती आबा ग्राम उत्कर्ष योजना के क्रियान्वयन में महिला एवं बाल विकास विभाग की भूमिका की समीक्षा की गई।

योजनाओं की निगरानी सभी अधिकारियों की जिम्मेदारी

राज्यपाल पटेल ने कहा कि जनजातीय समुदायों के उत्थान के लिए विभागों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। योजनाओं के क्रियान्वयन में आने वाली चुनौतियों का मिलकर समाधान निकाला जाए और कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं की समीक्षा केवल औपचारिकता के रूप में नहीं, बल्कि बारीकी से करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि कई बार छोटी-छोटी व्यावहारिक बातों की अनदेखी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है। इसलिए योजनाओं के प्रत्येक पहलू पर गंभीरता से ध्यान देना आवश्यक है।

प्रवासी श्रमिक परिवारों के बच्चों की शिक्षा और पोषण पर जोर

राज्यपाल ने प्रवासी श्रमिक परिवारों के बच्चों के पोषण के साथ उनकी शिक्षा पर भी विशेष ध्यान देने की बात कही। उन्होंने ऐसे बच्चों के लिए छात्रावास जैसी सुविधाएं शुरू करने की संभावनाओं पर विचार करने का सुझाव दिया।

उन्होंने कहा कि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा पोषण के लिए आंगनबाड़ी केंद्रों का नियमित संचालन जरूरी है। दूरस्थ क्षेत्रों में आंगनबाड़ी केंद्रों तक पूरे वर्ष पहुंच सुनिश्चित की जाए, ताकि जरूरतमंद परिवारों को योजनाओं का लाभ मिल सके।

आंगनबाड़ी भवनों के निर्माण में संयुक्त निरीक्षण के निर्देश

राज्यपाल ने आंगनबाड़ी भवनों के गुणवत्तापूर्ण निर्माण के लिए ग्रामीण विकास विभाग और महिला एवं बाल विकास विभाग को संयुक्त निरीक्षण करने की पहल करने के निर्देश दिए। उन्होंने अति पिछड़ी जनजातीय समुदायों की महिलाओं को मिलने वाली आहार, अनुदान और लाड़ली बहना योजना से संबंधित प्रक्रियाओं की समीक्षा कर आवश्यक सुधार करने पर भी जोर दिया।

मंत्री निर्मला भूरिया ने बताए पोषण संबंधी प्रयास

बैठक में महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया ने कहा कि विभाग पोषण के क्षेत्र में लगातार नए प्रयास और नवाचार कर रहा है। उन्होंने झाबुआ में आयुष तेल के माध्यम से बच्चों की मालिश के सकारात्मक परिणामों की जानकारी दी।

मंत्री ने बताया कि प्रवासी श्रमिक परिवारों की माताओं और बच्चों के पोषण पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने पोषण आहार में श्रीअन्न के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए सभी जिलों में इसकी उपलब्धता सुनिश्चित करने के संबंध में चर्चा की। महिला एवं बाल विकास आयुक्त संदीप जी.आर. ने विभाग की ओर से किए गए कार्यों का विवरण प्रस्तुत किया।

बैठक में महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया, जनजातीय प्रकोष्ठ के अध्यक्ष दीपक खांडेकर, महिला एवं बाल विकास आयुक्त संदीप जी.आर., जनजातीय प्रकोष्ठ की सचिव मीनाक्षी सिंह, राज्यपाल के उपसचिव सुनील दुबे सहित जनजातीय प्रकोष्ठ, लोकभवन और महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।


Share This Article
Advertisement Carousel