रायपुर 21 दिसम्बर 2025/ ETrendingIndia / PM inaugurates new terminal of Gopinath Bordoloi International Airport in Guwahati / गुवाहाटी एयरपोर्ट उद्घाटन , प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने असम के गुवाहाटी में लोकप्रिय गोपीनाथ बोरदोलोई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के नए टर्मिनल का उद्घाटन करते हुए कहा कि असम और पूरे पूर्वोत्तर का विकास देश के भविष्य के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि आज दुनिया भारत की ओर उम्मीद से देख रही है और भारत के विकास का नया सूर्योदय पूर्वोत्तर से ही होगा।
प्रधानमंत्री ने कहा कि आधुनिक हवाई अड्डे, सड़क, रेल और डिजिटल कनेक्टिविटी किसी भी राज्य के विकास के मजबूत आधार होते हैं। नए टर्मिनल से गुवाहाटी और असम की क्षमता बढ़ेगी और हर साल बड़ी संख्या में यात्री यहां से सफर कर सकेंगे। इससे पर्यटन, व्यापार और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
उन्होंने बताया कि यह टर्मिनल असम की संस्कृति और प्रकृति को ध्यान में रखकर बनाया गया है, जिसमें बांस और हरियाली का विशेष उपयोग किया गया है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले 11 वर्षों में असम और पूर्वोत्तर में बड़े पैमाने पर विकास कार्य हुए हैं। जहां पहले हिंसा और अशांति थी, वहां अब 4G-5G कनेक्टिविटी, नए पुल, रेलवे परियोजनाएं और औद्योगिक संभावनाएं विकसित हो रही हैं।
उन्होंने कहा कि असम आज विकास के नए कीर्तिमान बना रहा है और युवाओं को बिना पर्ची-बिना खर्ची सरकारी नौकरियां मिल रही हैं।
प्रधानमंत्री ने असम की पहचान, संस्कृति और संसाधनों की रक्षा पर जोर देते हुए कहा कि राज्य को अवैध घुसपैठ और अतिक्रमण से मुक्त कराने के लिए केंद्र और राज्य सरकार मिलकर काम कर रही हैं। उन्होंने असम के लोगों से एकजुट रहने और विकास की गति को बनाए रखने की अपील की।
गुवाहाटी एयरपोर्ट उद्घाटन , अपने संबोधन के अंत में प्रधानमंत्री ने कहा कि विकसित असम से ही विकसित भारत का रास्ता निकलेगा और सामूहिक प्रयासों से असम को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया जाएगा। उन्होंने नए टर्मिनल के लिए असमवासियों को बधाई दी और “वंदे मातरम्” के उद्घोष के साथ भाषण समाप्त किया।
