Share This Article रायपुर, 10 नवंबर 2026। PMS Investment 2026 : शेयर बाजार में निवेश करने वालों के लिए पोर्टफोलियो मैनेजमेंट सर्विसेज (PMS) एक ऐसा विकल्प है, जिसमें प्रोफेशनल मैनेजर निवेशक की ओर से शेयर खरीदने और बेचने के फैसले लेता है। इसमें न्यूनतम 50 लाख रुपये निवेश करना जरूरी है। इसकी खासियत यह है कि निवेशक के शेयर सीधे उसके डीमैट अकाउंट में रहते हैं। हालांकि, बड़ी रकम निवेश करने से पहले PMS की फीस, टैक्स के नियम, निवेश रणनीति और इससे जुड़े जोखिमों को समझना बेहद जरूरी है। APMI के जुलाई 2026 के आंकड़ों के मुताबिक, देश की PMS इंडस्ट्री करीब 44 लाख करोड़ रुपये की संपत्ति मैनेज कर रही है। इसमें 2.23 लाख से ज्यादा क्लाइंट अकाउंट शामिल हैं। ऐसे में PMS को समझना उन निवेशकों के लिए महत्वपूर्ण है, जो बड़ी रकम के साथ पेशेवर निवेश प्रबंधन का विकल्प तलाश रहे हैं। PMS क्या है और कैसे काम करता है? पोर्टफोलियो मैनेजमेंट सर्विसेज (PMS) सेबी द्वारा नियंत्रित निवेश सेवा है। इसमें प्रत्येक निवेशक के लिए अलग पोर्टफोलियो बनाया जाता है। पोर्टफोलियो मैनेजर निवेशक की जरूरत, जोखिम उठाने की क्षमता और चुनी गई रणनीति के अनुसार शेयर खरीदने और बेचने के फैसले लेता है। APMI के वाइस चेयरमैन संदीप जेठवानी के मुताबिक, PMS को किसी फंड के बजाय निवेश का एक मैंडेट समझना चाहिए, जिसमें मैनेजर और निवेशक के बीच फैसले लेने की जिम्मेदारियां तय होती हैं। PMS में न्यूनतम 50 लाख रुपये का निवेश जरूरी PMS में निवेश शुरू करने के लिए कम से कम 50 लाख रुपये की राशि जरूरी है। यह रकम नकद, सिक्योरिटीज या दोनों के माध्यम से लगाई जा सकती है। कुछ निर्धारित शर्तों के तहत निवेशक अपने पहले से खरीदे गए शेयर भी पोर्टफोलियो में शामिल कर सकते हैं। इस वजह से PMS सामान्य निवेश विकल्पों की तुलना में बड़ी पूंजी वाले निवेशकों के लिए अधिक उपयुक्त माना जाता है। PMS मैनेजर कितनी फीस लेते हैं? PMS में निवेश प्रबंधन के बदले मैनेजर फीस लेते हैं। जैनम के अल्टरनेट प्रोडक्ट्स हेड अजय परमार के मुताबिक, मैनेजमेंट फीस सालाना 1 से 2.5 प्रतिशत तक हो सकती है। इसके अलावा कुछ मैनेजर तय मानक या निर्धारित रिटर्न से अधिक प्रदर्शन पर परफॉर्मेंस फीस भी लेते हैं। निवेश से पहले हाई-वॉटर मार्क, ऑपरेटिंग एक्सपेंस और एग्जिट लोड की शर्तें समझना जरूरी है। हाई-वॉटर मार्क का मतलब पोर्टफोलियो की पिछली सबसे ऊंची वैल्यू से है, जिसके आधार पर परफॉर्मेंस फीस की गणना की जा सकती है। राइट रिसर्च की फाउंडर सोनम श्रीवास्तव के मुताबिक, PMS में एडवांस फीस लेने की अनुमति नहीं है। इसलिए निवेशक को फीस से जुड़े सभी नियम और एग्रीमेंट ध्यान से पढ़ने चाहिए। PMS और म्यूचुअल फंड में क्या है अंतर? म्यूचुअल फंड में कई निवेशकों का पैसा एक साथ निवेश किया जाता है और प्रत्येक निवेशक को उसके निवेश के बदले यूनिट मिलती हैं। इसके विपरीत PMS में हर निवेशक का अलग पोर्टफोलियो होता है और शेयर सीधे उसके डीमैट अकाउंट में रहते हैं। म्यूचुअल फंड में कुछ सौ रुपये से भी निवेश शुरू किया जा सकता है, जबकि PMS में न्यूनतम 50 लाख रुपये की जरूरत होती है। ज्यादातर AIF कैटेगरी में न्यूनतम निवेश की सीमा 1 करोड़ रुपये है। निकासी के मामले में ओपन-एंडेड म्यूचुअल फंड आमतौर पर अधिक सुविधाजनक होते हैं। PMS में पैसा निकालना संबंधित शेयरों की लिक्विडिटी और निवेशक के साथ हुए समझौते पर निर्भर करता है। इसके अलावा तीनों निवेश विकल्पों में टैक्स के नियम भी अलग-अलग हो सकते हैं। PMS की चार प्रमुख निवेश रणनीतियां APMI के मुताबिक, PMS में इक्विटी, डेट, हाइब्रिड और मल्टी-एसेट जैसी रणनीतियां अपनाई जाती हैं। इक्विटी रणनीति में मुख्य रूप से शेयरों में निवेश किया जाता है, जबकि डेट रणनीति में बॉन्ड और अन्य डेट इंस्ट्रूमेंट शामिल होते हैं। हाइब्रिड रणनीति में इक्विटी और डेट दोनों में निवेश किया जाता है। वहीं मल्टी-एसेट रणनीति के तहत अलग-अलग एसेट क्लास में पूंजी लगाई जाती है। PMS में निवेश के फैसले कौन लेता है? PMS में निवेश प्रबंधन की तीन प्रमुख व्यवस्थाएं होती हैं। डिस्क्रेशनरी मॉडल में पोर्टफोलियो मैनेजर निवेशक की ओर से खुद खरीद-बिक्री के फैसले लेता है। नॉन-डिस्क्रेशनरी मॉडल में प्रत्येक खरीद-बिक्री के लिए निवेशक की मंजूरी जरूरी होती है। वहीं एडवाइजरी मॉडल में मैनेजर निवेश संबंधी सलाह देता है, लेकिन अंतिम फैसला निवेशक खुद करता है। निवेश से पहले समझें पांच बड़े जोखिम PMS में निवेश करने से पहले पांच प्रमुख जोखिमों को समझना जरूरी है। पहला कंसंट्रेशन रिस्क है, जिसमें कुछ चुनिंदा शेयरों में ज्यादा निवेश होने से नुकसान की आशंका बढ़ सकती है। दूसरा मार्केट रिस्क है, यानी शेयर बाजार में गिरावट आने पर पूरे पोर्टफोलियो की वैल्यू कम हो सकती है। तीसरा मैनेजर रिस्क है, जिसमें पोर्टफोलियो मैनेजर के गलत निवेश फैसलों के कारण कमजोर रिटर्न मिल सकता है। चौथा लिक्विडिटी रिस्क है। इसमें जरूरत के समय किसी शेयर को तुरंत या उचित कीमत पर बेचना मुश्किल हो सकता है। पांचवां टैक्स रिस्क है, क्योंकि पोर्टफोलियो में बार-बार शेयर खरीदने और बेचने से कैपिटल गेन टैक्स की गणना जटिल हो सकती है। सोनम श्रीवास्तव के मुताबिक, PMS चुनते समय मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में निवेश की हिस्सेदारी पर भी ध्यान देना चाहिए, क्योंकि बाजार में गिरावट के दौरान इन शेयरों में ज्यादा उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है। निवेश से पहले मैनेजर का ट्रैक रिकॉर्ड जरूर जांचें PMS में बड़ी रकम निवेश करने से पहले केवल पुराने रिटर्न को देखकर फैसला करना उचित नहीं है। निवेशक को मैनेजर का ट्रैक रिकॉर्ड, निवेश रणनीति, फीस का ढांचा, पोर्टफोलियो में शामिल शेयरों और जोखिम उठाने की क्षमता का आकलन करना चाहिए। साथ ही यह भी समझना जरूरी है कि बाजार में गिरावट आने पर पोर्टफोलियो का प्रदर्शन कैसा रह सकता है। सही जानकारी और जोखिम की समझ के बाद ही निवेश का फैसला लेना बेहतर है। Share This Article Post navigation भारत में इलेक्ट्रिक कारों का उत्पादन बढ़ाने पर जोर… स्कोडा-फॉक्सवैगन से मिले पीयूष गोयल