Share This Article रायपुर, 21 अक्टूबर 2026। ETrendingIndia / प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क (Donald Tusk) 21 से 23 अक्टूबर 2026 तक भारत की आधिकारिक यात्रा पर रहेंगे। उनके साथ पोलैंड के वित्त मंत्री आंद्रेज डोमान्स्की तथा व्यापार जगत के प्रतिनिधि भी आएगें। विदेश मंत्रालय ने 19 अक्टूबर 2026 को एक बयान जारी कर इसकी जानकारी दी है। पोलैंड के प्रधानमंत्री गुरुवार को प्रधानमंत्री मोदी के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। इस दौरान दोनों नेता भारत और पोलैंड के संबंधों के सभी प्रमुख पहलुओं की समीक्षा करेंगे। वे आपसी हित के क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर चर्चा करेंगे। पोलैंड के प्रधानमंत्री के रूप में टस्क की यह दूसरी भारत यात्रा होगी। इससे पहले वे वर्ष 2010 में अपने पिछले कार्यकाल के दौरान भारत आए थे। उन्होंने वर्ष 2017 में यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष के रूप में भारत-यूरोपीय संघ शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए भी नई दिल्ली की यात्रा की थी। विदेश मंत्रालय ने कहा कि डोनाल्ड टस्क बेंगलुरु भी जाएंगे, जहां वे सूचना प्रौद्योगिकी और अंतरिक्ष क्षेत्र सहित विभिन्न उद्योगों के प्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगे। भारत-पोलैंड व्यापार मंच की बैठक 22 अक्तूबर को नई दिल्ली और 23 अक्तूबर को बेंगलुरु में आयोजित की जाएगी। मंत्रालय के अनुसार, इस यात्रा से भारत और पोलैंड के बीच रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने का अवसर मिलेगा। इससे व्यापार और निवेश, रक्षा, उभरती प्रौद्योगिकियों, नवीकरणीय ऊर्जा, शिक्षा, संस्कृति तथा दोनों देशों के लोगों के बीच संपर्क सहित आपसी हित के विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने में मदद मिलेगी। यह यात्रा भारत और यूरोपीय संघ के बीच रणनीतिक साझेदारी को भी मजबूत करेगी। Share This Article Post navigation भारत की राष्ट्रपति ने 65वीं राष्ट्रीय कला प्रदर्शनी के चयनित कलाकारों को ललित कला अकादमी पुरस्कार प्रदान किए SIR के विरोध में 23 अक्टूबर को प्रदर्शन, निर्मला सीतारमण के पति प्रभाकर पारकला होंगे शामिल