Share This Article

रायपुर, 06 अगस्त 2026/ ETrendingIndia / समय पर बीमारी की पहचान और सही इलाज किसी की जिंदगी बदल सकता है। इसका ताजा उदाहरण ग्राम सरोरा की डेढ़ माह की रूचिता पटेल है, जिसके हृदय में 8 एमएम का छेद था।

जिला प्रशासन के ‘प्रोजेक्ट धड़कन’ की पहल से उसका पूरी तरह निःशुल्क सफल हृदय ऑपरेशन हुआ और आज वह स्वस्थ जीवन जी रही है।

आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की सतर्कता बनी वरदान

रूचिता को सर्दी-जुकाम होने पर जांच के दौरान डॉक्टरों ने हृदय की धड़कन असामान्य पाई। आंगनबाड़ी केंद्र में जानकारी मिलने पर कार्यकर्ता ने तुरंत प्रोजेक्ट धड़कन की टीम से संपर्क किया, जिसके बाद इलाज की प्रक्रिया तेजी से शुरू हुई।

निःशुल्क ऑपरेशन से परिवार को मिली राहत

जांच में हृदय में 8 एमएम का छेद मिलने पर रायपुर में निःशुल्क ऑपरेशन कराया गया। करीब 15 दिन के उपचार के बाद रूचिता पूरी तरह स्वस्थ होकर घर लौट आई। आर्थिक रूप से कमजोर परिवार के लिए यह सहायता किसी वरदान से कम नहीं रही।

परिजनों ने जताया आभार

रूचिता के माता-पिता ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय, कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह, प्रोजेक्ट धड़कन की टीम और डॉक्टरों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समय पर मिले इलाज ने उनकी बेटी को नया जीवन दिया।

प्रोजेक्ट धड़कन की बड़ी उपलब्धियां

1.69 लाख से अधिक बच्चों की हृदय संबंधी स्क्रीनिंग।

165 संदिग्ध मामलों की पहचान।

40 बच्चों में हृदय रोग की पुष्टि।

24 बच्चों का सफल हृदय ऑपरेशन।

15 बच्चों का उपचार और नियमित फॉलो-अप जारी।